सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट का आरोप, बीएलओ ने थाने में दी तहरीर
रूरल न्यूज नेटवर्क।गोरखपुर के
बांसगांव थाना क्षेत्र में सरकारी कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौज और मारपीट का
मामला सामने आया है। एक बीएलओ ने थाने में तहरीर देकर जान से मारने की धमकी देने
का आरोप भी लगाया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
प्रार्थी मनोज
कुमार सिंह, जो ग्राम
पंचायत बसोली बुजुर्ग के बूथ संख्या 196 के बीएलओ हैं, ने बताया कि शाम करीब 4
बजे वे सरकारी
कार्य (एसआईआर) के लिए ग्राम गुआर पहुंचे थे। आरोप है कि वहां एक व्यक्ति ने उनके
कार्य में बाधा डाली और अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
Image Source Here...
तहरीर के
अनुसार, जब मनोज कुमार
सिंह ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उनकी माता, बहन और बेटी को लेकर
अशोभनीय गालियां दीं और जान-माल की धमकी देने लगा। बाद में आरोपी ने वापस आकर उनसे
मारपीट की, जिससे उनके
बाएं हाथ में चोट आई, चश्मा टूट गया और नाक व गाल पर भी चोटें आईं। इस घटना के
कारण सरकारी कार्य भी प्रभावित हुआ।
इस प्रकरण को लेकर थाने
में तहरीर दी गई है। थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने पुष्टि की कि मामला उनके
संज्ञान में है और जांच जारी है। उन्होंने बताया कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी
कार्रवाई की जाएगी।