-
Wednesday, 1st April, 2026
बड़हलगंज
आप यहाँ हैं :Home / gorakhpur /bdahalganja / news
रूरल न्यूज नेटवर्क। गोरखपुर में चैत्र रामनवमी
का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान राम और हनुमान
मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, आरती और भंडारे
का आयोजन किया गया। मंदिरों के साथ-साथ आश्रमों और घरों में भी 'भए प्रगट कृपाला दीन दयाला कौशल्या हितकारी' की चौपाइयां गूंजती रहीं।
शुक्रवार को
पूरे जिले में प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव का उत्साह देखा गया। दोपहर में मंदिरों
में घंटे-घड़ियाल बजाकर भगवान का पूजन किया गया। इस दौरान भजन-कीर्तन से पूरा
माहौल भक्तिमय हो गया। बड़हलगंज उपनगर
स्थित श्री राम-जानकी व हनुमान मंदिर में दोपहर में भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव
धूमधाम से मनाया गया। यहां घंटे-घड़ियाल के साथ राघवेंद्र सरकार का पूजन हुआ, जिसके बाद आरती संपन्न होते ही 'श्री राम' के जयकारे गूंज
उठे। इसी तरह लेटाघाट स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में भी भगवान राम का
जन्मोत्सव मनाया गया, जहां आरती-पूजन
के बाद प्रसाद वितरण किया गया।
विचित्र वीर
हनुमान मंदिर बाछेपर और नई व पुरानी हनुमानगढ़ी मंदिर में भी श्रीराम का जन्मोत्सव
मनाया गया। इन स्थानों पर हवन-पूजन के साथ भगवान श्री राम का जन्मोत्सव मनाया गया।
भगवान राम और हनुमानजी के पूजन के बाद भंडारे में आए भक्तों को प्रसाद वितरित किया
गया।
इस अवसर पर चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर, संतोष जायसवाल, तारकेश्वर वर्मा, लक्ष्मी नारायण गुप्ता, पुरुषोत्तम जायसवाल, अजय सर्राफ, चंदन मोदी, सुभाष विश्वकर्मा, रिंकू शर्मा, गोपी पटवा, दीपक शर्मा, हिमांशु गौड़, उमेश यादव, मनोज निगम, विकास गौड़, राजू दुबे, बसंत गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।