बड़हलगंज में ब्लॉक युवा केंद्र का उद्घाटन, खिलाड़ियों को खेल किट बांटी गईं
गोरखपुर : युवाओं एवं युवा मंगल दलों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बड़हलगंज में ब्लॉक युवा केंद्र का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों को खेल किट का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को खेल, शिक्षा, कौशल, रोजगार एवं व्यक्तित्व विकास के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। ब्लॉक युवा केंद्र के माध्यम से युवा मंगल दलों को खेल एवं शारीरिक विकास, शिक्षा एवं कैरियर मार्गदर्शन, व्यक्तित्व विकास प्रशिक्षण, कौशल विकास एवं रोजगार प्रशिक्षण तथा नेतृत्व क्षमता विकास जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। इसके साथ ही युवाओं के अध्ययन के लिए लाइब्रेरी की सुविधा तथा सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के आयोजन को भी बढ़ावा दिया जाएगा। इस अवसर पर खिलाड़ियों को आवश्यक खेल सामग्री एवं किट वितरित की गई, जिससे उन्हें नियमित अभ्यास और खेल प्रतिभा को निखारने में सहायता मिल सके। वक्ताओं ने युवाओं से खेलों के साथ-साथ शिक्षा, अनुशासन और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सभासद दीपक शर्मा, प्रधान प्रेम प्रकाश सिंह, विशाल सिंह, गोलू सिंह, लिपिक सुनील कुमार,कोच गौरव शाही, स्टेडियम प्रभारी विप्लव कुमार गुप्ता, कोच रंजीत कुमार, संजीत कुमार, रामप्रवेश शाही, मनोज कुमार, योगेंद्र जी खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे। ब्लॉक युवा केंद्र की स्थापना से क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा विकसित करने, रोजगारपरक कौशल सीखने और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए एक बेहतर मंच मिलने की उम्मीद है।