-
Wednesday, 1st April, 2026
भटहट
रूरल न्यूज नेटवर्क। गोरखपुर
जिले के गुलरिहा थाना क्षेत्र से एक 19 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने
आया है। युवती के पिता ने गांव के ही एक युवक पर अपनी बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले
जाने और घर से जेवर व नकदी ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर ली है।
पीड़ित पिता ने गुलरिहा
थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी को गांव का सत्येंद्र
मौर्या, जो दयानंद मौर्या का पुत्र है, बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
पिता के अनुसार, उनकी
बेटी घर में रखे सोने के दो कान की बालियां, एक गले का हार, एक सोने का 'ओम' और
3200 रुपये नकद भी अपने साथ ले गई है।
शिकायत में पिता ने आशंका
जताई है कि उनकी बेटी पल्लवी के साथ कोई अनहोनी हो सकती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया
कि आरोपी युवक उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा है।
थानाध्यक्ष इत्यानंद
पांडेय ने बताया कि प्रार्थी की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत
कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।