-
Wednesday, 1st April, 2026
भटहट
सदर तहसील क्षेत्र के
भटहट ब्लॉक की ग्राम पंचायत समदार बुजुर्ग के लेखपाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
हो रहा है। इस वीडियो में लेखपाल लोगों से रिपोर्ट लगाने के बदले पैसे लेते हुए दिखाई
दे रहे हैं। हालांकि, इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं की जा सकती है।
ग्रामीणों का आरोप है
कि लेखपाल की आए दिन पैसे मांगने की आदत से परेशान होकर उन्होंने यह वीडियो बनाया और
सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। समदार बुजुर्ग के प्रधान संजय सिंह ने बताया कि लेखपाल
सुरेंद्र नारायण वरासत और अन्य छोटी-मोटी रिपोर्ट लगाने के लिए लोगों से पैसों की मांग
करते रहते हैं।
वायरल वीडियो में एक
व्यक्ति लेखपाल को रिपोर्ट लगाने के बदले 200 रुपए देते हुए दिख रहा है। इस पर लेखपाल
उस व्यक्ति से कहते हैं कि वह तीन बार जांच करने आए हैं, इसलिए कम से कम 1000 रुपये
तो बनते ही हैं।
लगभग आठ मिनट के इस वीडियो
के दूसरे हिस्से में लेखपाल काले चश्मे में लोगों को अपशब्द कहते हुए भी नजर आ रहे
हैं। वह एक पूर्व प्रधान से यह भी कहते दिख रहे हैं कि यदि लोगों ने गलत किया है तो
उन्हें पैसे देने होंगे, अन्यथा वह रिपोर्ट गलत लगा देंगे।
प्रसारित वीडियो के संबंध में लेखपाल सुरेंद्र नारायण का कहना है कि यह एक साजिश का हिस्सा है और सामान्य बातचीत के दौरान उनका वीडियो बना लिया गया।