Default left Ad
Default right Ad
gorakhpur, cm yogi, cold day, railway, job 26-Feb-2026 03:34 PM

रेलवे नौकरी के नाम पर 5.45 लाख की ठगी, पीड़ित को दिए थे फर्जी कागजात, गिरफ्तार

रूरल न्यूज नेटवर्क झंगहा क्षेत्र में रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर एक बेरोजगार युवक से 5.45 लाख रुपये की ठगी करने वाले चंद्रशेखर राजभर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को बलुघट्टा पुल के पास से पकड़ा गया और जेल भेज दिया गया। चंद्रशेखर चौरीचौरा थाना क्षेत्र के शिवपुरा कौड़िपुरा रामपुर रकबा का निवासी है।

झंगहा थाना क्षेत्र के बरबसहा जंगल रसूलपुर नंबर दो निवासी संजय कुमार यादव ने पुलिस उप महानिरीक्षक गोरखपुर को इस संबंध में शिकायत दी थी। संजय ने बताया कि उसकी दोस्ती चंद्रशेखर प्रजापति से थी, जिसने उसे रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था।

चंद्रशेखर प्रजापति के बहकावे में आकर संजय ने उसे 5.45 लाख रुपये दिए। यह रकम अलग-अलग माध्यमों से भेजी गई। यूनियन बैंक की मेडिकल कॉलेज शाखा में अनिल कुमार श्रीवास्तव के खाते में 1.80 लाख रुपये, पंजाब नेशनल बैंक की सैदपुर गाजीपुर शाखा में ओम प्रकाश के खाते में 55 हजार रुपये और आंध्रा बैंक के तारामंडल जीडीए ऑफिस स्थित चंद्रशेखर के खाते में 1.50 लाख रुपये ससुर निर्मल यादव के खाते से आरटीजीएस के माध्यम से भेजे गए। इसके अतिरिक्त, नियुक्ति पत्र और अन्य कागजात देने के बाद चंद्रशेखर ने 1.60 लाख रुपये नकद भी लिए थे।

Image Source Here...

जब संजय कुमार यादव नियुक्ति पत्र और कागजात लेकर बनारस डिवीजन के कार्यालय में ज्वाइनिंग के लिए पहुंचे, तो वहां के बाबू ने सभी कागजात फर्जी बताए। संजय ने तुरंत चंद्रशेखर प्रजापति से संपर्क किया और अपने पैसे वापस मांगे। काफी दबाव के बाद चंद्रशेखर प्रजापति ने कई बार में 2.18 लाख रुपये लौटा दिए। हालांकि, जब संजय ने बाकी रकम मांगी, तो चंद्रशेखर प्रजापति ने उसे जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया।

गोरखपुर के पुलिस उपमहानिरीक्षक के आदेश पर झंगहा पुलिस ने 30 अक्टूबर 2025 को चौरी चौरा थाना क्षेत्र के शिवपुरा कौड़िपुरा रामपुर रकबा निवासी चंद्रशेखर प्रजापति, उसके परिवार के सदस्यों, अनिल कुमार श्रीवास्तव और ओमप्रकाश (पता अज्ञात) के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। यह मुकदमा बीएनएस की धारा 319(2), 318(4), 316(2), 338, 336(3), 340(2), 351(3) के तहत दर्ज किया गया था।

झंगहा थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी चंद्रशेखर राजभर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Static Fallback middleAd2 Ad

अपने ज़िले और उसके गांवों की खबरें जानने के, लिए जुड़े हमसे अभी

×