-
Monday, 15th June, 2026
ब्रह्मपुर
आप यहाँ हैं :Home / gorakhpur /brahamapur / news
रूरल न्यूज नेटवर्क। चौरीचौरा
क्षेत्र में विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे समाजवादी पार्टी
कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक हो गई। सपा जिलाध्यक्ष बृजेश गौतम के
नेतृत्व में कार्यकर्ता तहसील पहुंचकर प्रदर्शन करना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने
उन्हें रास्ते में रोक दिया।
पुलिस के रोकने पर सपा
कार्यकर्ता तहसील रोड पर ही धरने पर बैठ गए और सरकार विरोधी नारेबाजी शुरू कर दी।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नीट पेपर लीक, बढ़ती महंगाई, डीजल-पेट्रोल
की कीमतों में वृद्धि, घरेलू गैस के बढ़ते दाम और भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाए। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार जनता से जुड़े मुद्दों
पर ध्यान देने के बजाय विरोध की आवाज दबाने का काम कर रही है। वहीं पुलिस ने हालात
को नियंत्रित रखते हुए प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया।
सपा ने ज्ञापन सौंपकर सरकार
को घेरा
जानकारी के अनुसार, सपा कार्यकर्ता भोपा चौराहा से चौरीचौरा रेलवे स्टेशन होते
हुए तहसील की ओर मार्च निकाल रहे थे। उनका उद्देश्य एसडीएम कुंवर सचिन सिंह को
ज्ञापन सौंपकर विभिन्न जनसमस्याओं और सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराना
था।
रास्ते में पुलिस ने उन्हें
रोक दिया। पुलिस का कहना था कि धरना-प्रदर्शन और मार्च के लिए पूर्व अनुमति नहीं
ली गई थी। इसी दौरान सपा नेताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। सपा नेताओं ने
आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकने के लिए धक्का-मुक्की भी की।
विरोध में सपा जिलाध्यक्ष
बृजेश गौतम के नेतृत्व में कार्यकर्ता तहसील रोड पर ही धरने पर बैठ गए और सरकार
विरोधी नारेबाजी करने लगे। करीब डेढ़ घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद प्रशासनिक
अधिकारियों से वार्ता हुई, जिसके बाद सपा
नेताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के
दौरान सपा नेताओं ने नीट पेपर लीक की निष्पक्ष जांच, बढ़ती महंगाई
पर नियंत्रण, डीजल-पेट्रोल और घरेलू गैस की कीमतों में राहत
तथा भ्रष्टाचार समेत कई मुद्दों को उठाया।
जिलाध्यक्ष बोले, पुलिस ने दिया धक्का
सपा जिलाध्यक्ष बृजेश गौतम
ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्षी दलों के साथ कैदियों जैसा व्यवहार कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया, लेकिन इसके
बावजूद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर अपनी बात रखी।
उन्होंने कहा कि जनता से
जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा और प्रदेश की सभी
विधानसभा क्षेत्रों में इसी तरह ज्ञापन सौंपे जाएंगे। प्रदर्शन के दौरान मौके पर
भारी पुलिस बल तैनात रहा। बाद में स्थिति सामान्य हो गई और एसडीएम को ज्ञापन सौंपे
जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।