-
Wednesday, 1st April, 2026
चरगांवा
रूरल न्यूज नेटवर्क। रामगढ़ताल क्षेत्र में 2700 मीटर सड़क को चौड़ा किया जाएगा। साथ ही इसका
सुंदरीकरण भी होगा। इस पर 23 करोड़ रुपए खर्च किए
जाएंगे। बजट को राज्य स्तरीय तकनीकी समिति से मंजूरी मिल गई है। यह सड़क कई
मोहल्लों से होकर गुजरेगी।
अच्छी सड़क होने से शहर का यह पॉश इलाका और
बेहतर नजर आएगा। इसके साथ ही वाटर बॉडी पर बनने वाले 112 मीटर डबल लेन पुल को तेजी से बनाया जा रहा है।
इससे तारामंडल के दो हिस्से आपस में जुड़ जाएंगे।
सड़क चौड़ीकरण की यह परियोजना गोरखपुर विकास
प्राधिकरण (GDA) की वसुंधरा एन्क्लेव आवासीय योजना से शुरू होकर
महाराणा प्रताप पार्क, ग्रीनवुड और गोरक्ष एन्क्लेव आवासीय योजनाओं से
गुजरते हुए चंपा देवी पार्क तक बनेगी।
सड़क का निर्माण मजबूत और टिकाऊ बिटुमिन लेयर
तकनीक से होगा, जिससे मार्ग लंबे समय तक समतल और सुरक्षित बना
रहेगा। परियोजना में जल निकासी की बेहतर व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।
पूरे मार्ग के किनारे आरसीसी नाला बनाया जाएगा ताकि बारिश के दौरान जलभराव की
समस्या से लोगों को राहत मिल सके।
अलग-अलग होगी चौड़ाई
2700 मीटर लंबे इस मार्ग को अलग-अलग हिस्सों में
अलग-अलग चौड़ाई के मानकों के अनुसार विकसित किया जाएगा। योजना के तहत 1270 मीटर हिस्से में सड़क की चौड़ाई 24 मीटर, 860 मीटर में 18 मीटर, 240 मीटर में 12 मीटर और 325 मीटर में 9 मीटर रखी जाएगी। इस सड़क के किनारे अंडरग्राउंड
केबलिंग के लिए डक्ट का निर्माण भी प्रस्तावित है। जिससे बिजली, इंटरनेट और अन्य सेवाओं के तार जमीन के नीचे
व्यवस्थित तरीके से डाले जा सकेंगे।
इससे नौकायन मार्ग होते हुए देवरिया बाईपास तक
जाने के लिए एक वैकल्पिक रास्ता भी मिल जाएगा। इसका सीधा फायदा तारामंडल, वसुंधरा एन्क्लेव और आसपास के इलाकों में रहने
वाले लोगों को मिलेगा, जिन्हें अक्सर जाम की समस्या से जूझना पड़ता
है। पर्यटन के लिहाज से भी यह पुल क्षेत्र की खूबसूरती भी बढ़ाएगा।
वाटर बाडी के ऊपर से गुजरते समय लोगों को स्काई वाक जैसा अनुभव मिलेगा। आकर्षक रोशनी और बेहतर पहुंच व्यवस्था के कारण यह स्थान पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन सकता है। पुल बनने के बाद सर्किट हाउस, नौका विहार, चंपा देवी पार्क और प्राणी उद्यान जैसे प्रमुख स्थलों तक पहुंच और अधिक आसान हो जाएगी।