Default left Ad
Default right Ad
gorakhpur, cm yogi, drain 27-May-2026 12:50 PM

अधूरे नाले में गिरकर गाय की मौत, ढाई साल से बन रहा नाला, नगर निगम के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा

रूरल न्यूज नेटवर्क रामजानकी नगर और नकहा इलाके में नगर निगम की लापरवाही के खिलाफ लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। निर्माणाधीन नाले में गिरकर एक गाय की मौत हो जाने के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। लोगों ने नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द से जल्द नाला निर्माण पूरा कराने की मांग उठाई। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस नाले का निर्माण कार्य सिर्फ छह महीने में पूरा होना था, लेकिन करीब ढाई साल बीत जाने के बाद भी काम अधूरा पड़ा है।

कई जगहों पर नाले की खुदाई कर सरिया डाल दिया गया है, लेकिन आगे का निर्माण रोक दिया गया। अधूरे काम की वजह से सड़कें टूट चुकी हैं और लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है।

 गाय की मौत के बाद लोगों ने किया प्रदर्शन

बुधवार सुबह एक गाय अधूरे नाले में गिर गई। काफी देर तक बाहर न निकल पाने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके के लोग नाराज हो गए और बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आए। लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया और नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि अगर समय रहते नाला निर्माण पूरा हो गया होता तो यह हादसा नहीं होता। लोगों ने आरोप लगाया कि नगर निगम को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन अधिकारियों ने कोई गंभीर कदम नहीं उठाया।

Image Source Here...

पार्षद को भी सुननी पड़ी लोगों की नाराजगी

प्रदर्शन के दौरान स्थानीय पार्षद शशांक सोनकर को भी मौके पर बुलाया गया। लोगों ने उन्हें घेरकर अपनी नाराजगी जताई और नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाए। पार्षद ने बताया कि मामले की जानकारी नगर आयुक्त अजय जैन और मुख्य अभियंता अमित कुमार शर्मा को दी गई थी, लेकिन सूचना देने के करीब दो घंटे बाद तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। नकहा वार्ड के पार्षद शशांक ने बताया कि नगर निगम से पहले भी इस नाले के निर्माण में तेजी लाने के लिए कहा जा चुका है। जहाँ पर नाला या सरिया खुला है वहां पर कम से कम बैरिकेडिंग हो जिससे लोगों को परेशानी ना हो।

Image Source Here...

बरसात में और बढ़ सकता है खतरा

कालोनीवासियों का कहना है कि अधूरे नाले की वजह से इलाके में आए दिन हादसे हो रहे हैं। बरसात के मौसम में स्थिति और ज्यादा खराब हो जाती है। बच्चों और बुजुर्गों के लिए सड़क पर चलना भी मुश्किल हो गया है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

नगर निगम ने दिया जल्द काम पूरा कराने का आश्वासन

मामले की सूचना मिलने के बाद नगर निगम के सहायक अभियंता शैलेश कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को जल्द नाला निर्माण पूरा कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन शांत हुआ।

वहीं मुख्य अभियंता अमित कुमार शर्मा ने कहा कि नाला निर्माण में बिजली के केबल बाधा बन रहे हैं। ठेकेदार को जल्द काम पूरा करने का निर्देश दिया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि बरसात शुरू होने से पहले समस्या का समाधान कर लिया जाएगा।

Static Fallback middleAd2 Ad

अपने ज़िले और उसके गांवों की खबरें जानने के, लिए जुड़े हमसे अभी

×