-
Wednesday, 1st April, 2026
चरगांवा
रूरल
न्यूज नेटवर्क। गोरखपुर में सीमेंट
से बने कटरेन में देर शाम अचानक भीषण आग लग गई। घटना शाहपुर इलाके के महुआ चौराहा,
जंगल मातादीन के पास की है। कटरेन में कुल 6-7 कमरे बने थे, जिनमें कई किरायेदार रहते
थे। आग लगते ही कमरों से तेज लपटें और घना धुआं निकलने लगा, जिससे आसपास के इलाके में
दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।
इलाके के लोगों ने आग की जानकारी फायर स्टेशन गोलघर को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत दो फायर टैंकर मौके के लिए रवाना किए।दमकल कर्मियों ने पहुंचते ही आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
आग
लगने के समय कटरेन में रह रहे किरायेदारों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग जरूरी सामान
छोड़कर बाहर निकल आए। दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी किरायेदारों को
सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
आग
तेजी से फैल रही थी, लेकिन दमकल कर्मियों ने सूझबूझ के साथ मोर्चा संभाला। करीब एक
घंटे तक चले अभियान के बाद आग पर काबू पा लिया गया। समय पर कार्रवाई से आग आसपास की
अन्य रिहायशी इमारतों तक नहीं पहुंच सकी।
आग की चपेट में आने से एक व्यक्ति झुलसा
इस
घटना में ओम प्रकाश नामक व्यक्ति आग की चपेट में आकर आंशिक रूप से झुलस गए। सूचना पर
पहुंची एम्बुलेंस की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
राहत की बात यह रही कि इस आगजनी में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। समय रहते आग पर
काबू पा लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है। आग बुझने के बाद इलाके में हालात सामान्य बताए गए हैं।