Default left Ad
Default right Ad
gorakhpur, cm yogi, tourist train, Bharat Gaurav 15-Mar-2026 01:38 PM

गोरखपुर से चलेगी भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन, दक्षिण भारत के तीर्थ स्थलों का कराएगी दर्शन

रूरल न्यूज नेटवर्क गोरखपुर और आसपास के जिलों के श्रद्धालुओं को दक्षिण भारत के प्रसिद्ध मंदिरों के दर्शन का अवसर मिलने जा रहा है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) की ओर से 11 अप्रैल को गोरखपुर से भारत गौरव पर्यटक ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन 12 दिन की यात्रा के बाद 22 अप्रैल को वापस गोरखपुर लौटेगी। इस दौरान यात्रियों को तिरुपति बालाजी मंदिर, रामनाथ स्वामी मंदिर (रामेश्वरम), मीनाक्षी मंदिर (मदुरै), कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे।

Image Source Here...

कई स्टेशनों से चढ़ने की व्यवस्था

 यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में गोरखपुर के अलावा मनकापुर, अयोध्या कैंट, सुल्तानपुर, मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, प्रयागराज संगम, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी और ललितपुर स्टेशन से चढ़ने और उतरने की सुविधा दी गई है। इससे गोरखपुर मंडल के यात्रियों के लिए इस धार्मिक यात्रा में शामिल होना आसान हो जाएगा।

पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के अनुसार ट्रेन में कुल 751 बर्थ उपलब्ध हैं। इनमें वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी में 49 सीटें, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी में 210 सीटें और शयनयान श्रेणी में 492 सीटें शामिल हैं।

Image Source Here...

यह है टूर पैकेज का रेट

 इस धार्मिक यात्रा के लिए इकोनॉमी श्रेणी (शयनयान) का पैकेज 24,790 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है, जबकि 5 से 11 साल के बच्चों के लिए 23,400 रुपये तय किए गए हैं। स्टैंडर्ड श्रेणी (वातानुकूलित तृतीय श्रेणी) का किराया 42,530 रुपये प्रति व्यक्ति और बच्चों के लिए 40,900 रुपये है। वहीं कम्फर्ट श्रेणी (वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी) के लिए 56,710 रुपये प्रति व्यक्ति और बच्चों के लिए 54,750 रुपये निर्धारित किए गए हैं।

IRCTC के इस पैकेज में यात्रियों के लिए नाश्ता, दोपहर और रात का शाकाहारी भोजन, स्थानीय भ्रमण और होटल में ठहरने की व्यवस्था शामिल है। इसके अलावा टिकट बुकिंग में एलटीसी और बैंक के माध्यम से EMI की सुविधा भी दी जा रही है।

Static Fallback middleAd2 Ad

अपने ज़िले और उसके गांवों की खबरें जानने के, लिए जुड़े हमसे अभी

×