-
Wednesday, 1st April, 2026
चरगांवा
रूरल न्यूज नेटवर्क। मंगलवार को मनरेगा मजदूरों
के भुगतान में हो रही देरी के खिलाफ कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस
कमेटी और महानगर कांग्रेस कमेटी ने मिलकर विकास भवन का घेराव किया। कार्यकर्ताओं
ने मोदी-योगी मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष राजेश
कुमार तिवारी और महानगर अध्यक्ष रवि प्रताप निषाद ने किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता
मौजूद रहे। सभी ने मनरेगा मजदूरों के बकाया भुगतान को जल्द जारी करने की मांग को
लेकर जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि मजदूरों को समय पर पैसा नहीं
मिलने से उनका जीवन प्रभावित हो रहा है।
मजदूरों के साथ हो रही लापरवाही दुर्भाग्यपूर्ण
नेताओं ने कहा
कि मनरेगा मजदूरों के साथ इस तरह की लापरवाही बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मजदूर अपनी
रोजी-रोटी के लिए इस योजना पर निर्भर हैं, लेकिन उन्हें समय पर भुगतान नहीं मिल रहा है,
जिससे उनकी
आर्थिक स्थिति खराब होती जा रही है।
भुगतान न हुआ तो आंदोलन होगा तेज
दैनिक भास्कर
से बातचीत में जिलाध्यक्ष राजेश कुमार तिवारी और महानगर अध्यक्ष रवि प्रताप निषाद
ने प्रशासन से तुरंत बकाया भुगतान करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर
जल्द भुगतान नहीं किया गया, तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी।
जिलाध्यक्ष ने
कहा कि- “मनरेगा के मुद्दे को लेकर हमलोग आज विकास भवन का घेराव कर रहे हैं। उनके
हक की लड़ाई लड़ी जा रही है। कांग्रेस पार्टी ने गांव अपने लोगों के लिए रोजगार पाने
का अवसर मनरेगा के माध्यम से निकाला था।
इस सरकार ने
गरीबों किसानों के साथ खेलने का काम किया है। भाजपा सरकार और प्रदेश की योगी सरकार
ने छह महीने से मनरेगा गर्मियों का भत्ता रुख रखा है। जिससे उनका स्थिती खराब हो
रही है।”
सपा के साथ चुनाव पर क्या बोले
सपा के साथ चुनाव लड़ने के सवाल पर जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह फैसला उनके स्तर का नहीं है। उन्होंने कहा कि इस बारे में पार्टी का शीर्ष नेतृत्व जो निर्णय लेगा, उसका पालन किया जाएगा। साथ ही उन्होंने दावा किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।