-
Wednesday, 1st April, 2026
चरगांवा
रूरल न्यूज नेटवर्क। गोरखपुर के
कैंट इलाके में स्थित मानसी हॉस्पिटल के संचालक डॉ. पंकज दीक्षित को फोन करके
हिस्ट्रीशीटर ने 15 लाख रुपये
रंगदारी मांगी है। रुपये न मिलने पर हॉस्पिटल बंद कराने व पूरे परिवार की हत्या
करने की धमकी दी। डाक्टर ने दोपहर एसएसपी डॉ. कौश्तुभ को प्रार्थना पत्र देकर
आरोपी पर कार्रवाई और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है। क्राइम ब्रांच व
शाहपुर थाना पुलिस हिस्ट्रीशीटर के बारे में पता लगा रही है। पुलिस की मानें तो यह
मामला संदिग्ध है। पुराने मरीज के विवाद में प्रार्थना पत्र दिया गया है।
दो संचालकों का विवाद सामने आया
पुलिस की जांच
में सामने आया है कि मरीज को लेकर रामगढ़ताल क्षेत्र के हॉस्पिटल संचालक से डॉ.
पंकज दीक्षित से विवाद चल रहा है। जबकि पहले दोनों की अच्छी जान पहचान थी। जांच
में पता चला है कि बिहार से एक एंबुलेंस चालक डॉ. पंकज के हॉस्पिटल में मरीज
पहुंचाता था। इधर कुछ दिन से वह यहां मरीज नहीं पहुंचा रहा है। वह अब डॉ. पंकज के
परिचित रामगढ़ताल क्षेत्र के हॉस्पिटल में मरीज पहुंचा रहा है।
इसको लेकर दोनों संचालकों में अनबन चल रही थी। तभी डॉ. पंकज ने प्रार्थना पत्र देकर गंभीर आरोप लगाया है। इस बात को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है। शाहपुर के जंगल सालिकराम, शिवपुर सहबाजगंज में रहने वाले डॉ. पंकज कुमार दीक्षित ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 12 फरवरी की रात 10:46 बजे उनके मोबाइल पर एक कॉल आया।
कॉल करने वाले
ने अपना नाम राहुल शर्मा बताते हुए 15 लाख रुपये की
मांग कर दी। उसने बोला कि वह हिस्ट्रीशीटर है। रुपये नहीं मिले तो छात्रसंघ चौराहा
व पादरी बाजार में चलने वाले हॉस्पिटल को बंद कराने के साथ ही पूरे परिवार की
हत्या कर देगा। डर की वजह से
उन्होंने सूचना पुलिस को नहीं दी। दो दिन बाद 14 फरवरी की रात 11:32 बजे फिर उसी नंबर से काल आया। इस बार
हिस्ट्रीशीटर ने और आक्रामक लहजे में धमकी दी। कहा कि यदि रुपये देने में आनाकानी
की गई तो अंजाम बहुत बुरा होगा।
लगातार मिल रही
धमकियों से उनका परिवार दहशत में है। देर रात आने वाले फोन और गाली-गलौज से माहौल
तनावपूर्ण हो गया। डॉक्टर ने तहरीर में लिखा है कि आरोपी शातिर प्रवृत्ति का
प्रतीत होता है और किसी भी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकता है।
एसएसपी के निर्देश पर क्राइम ब्रांच व शाहपुर थाना पुलिस काल डिटेल रिकार्ड (सीडीआर) के जरिए जांच कर रही है धमकी देने वाला वास्तव में हिस्ट्रीशीटर है या किसी गैंग का नाम लेकर रंगदारी वसूलने की कोशिश कर रहा है। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर डाक्टर को सुरक्षा भी उपलब्ध कराई जाएगी। कैंट थाने में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।