-
Monday, 15th June, 2026
चरगांवा
रूरल न्यूज नेटवर्क। गोरखपुर में पेट्रोल-डीजल किल्लत की भारी
समस्या देखने को मिली। सुबह से ही शहर के काली मंदिर मोहद्दीपुर स्थित पेट्रोल पंप
बंद पड़ा रहा। धर्मशाला और टाउनहाल पर लंबी लाइनें नजर आई। लोग घंटे-दो घंटे से
भीषण गर्मी में पेट्रोल पंप पर खड़े रखकर परेशान होते हुए दिखाई दिए।
तमाम लोग गैलन और बॉटल लेकर डीजल लेने आए थे। इस बीच
बक्शीपुर पेट्रोल पंप पर तेल के लिए मारपीट हो गई, जिसमें एक युवक का
सिर फट गया और खून निकलने लगा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो
रहा है। पंप पर तेल लेने आए हिंमाशु श्रीवास्तव ने
बताया कि इतनी भीषण गर्मी में 7 पेट्रोल पंप घूम कर आ रहा हूं। हर जगह बंद था।
टाउनहाल आकर उम्मीद जगी है कि मिल सकता है। त्राहि- त्राहि मचा हुआ है। बहुत
समस्या हो रही है।
केवल 500 का मिल रहा डीजल
धर्मशाला स्थित भारत पेट्रोल पंप पर ट्रक, बाइक, कार और गैलन लिए
लोगों की लंबी लाइन नजर आई। लोगों ने बताया कि लगभग 2 घंटे से लाइन में लगे हैं, घर पर शादी है, जिसकी वजह से डीजल
बहुत जरुरी है। लेकिन यहां सिर्फ 500 का ही डीजल दिया जा
रहा है। अब देखिए कैसे काम चलता है।
'स्पीड पेट्रोल ही
मिलेगा' का लगा बोर्ड
टाउनहॉल स्थित
पेट्रोल पंप पर दोनों तरफ लंबी लाइन लगी हुई थी। इसके अलावा वहां केवल स्पीड पेट्रोल ही दिया जा रहा है। 'यहां सिर्फ स्पीड पेट्रोल ही मिलेगा' का बोर्ड भी लगाकर लोगों को सूचित किया जा रहा
है। पेट्रोल लेने आए रौनक सिंह ने बताया कि पिछले
आधे घंटे से खड़ा हूं। ऊपर से सिर्फ स्पीड पेट्रोल ही मिल रहा है। वो थोड़ा महंगा
होता है। मौके का फायदा उठाकर आम आदमी को लूटने का किया जा रहा। मजबूरी में ज्यादा
पैसा देकर हम लोग तेल खरीद रहे।
10 किलोमीटर का काटा
चक्कर
राकेश कुमार ने बताया कि पेट्रोल के लिए लगभग 10 किलोमीटर का चक्कर काट चुका हूं। राप्ती नगर, बसारतपुर, देवरिया बाईपास, नौसड़ के पेट्रोल पंप घूम का आ रहा हूं हर जगह
बंद था।
उनका कहना है कि सिलेंडर की किल्लत की वजह से पहले से ही भूखे मर रहे हैं लोग। अब पेट्रोल- डीजल की समस्या भी शुरू हो गई। दो पैसा कमाने की भी दिक्कत हो गई। महंगाई अपने चरम पर है। सरकार अपना विदेश यात्रा करते रहे हम लोग भूखे मरते रहे।