-
Wednesday, 1st April, 2026
चरगांवा
रूरल न्यूज नेटवर्क।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुधवार
को अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अवैध रूप से किसी की जमीन पर कब्जा
किया गया है तो उसे मुक्त कराएं। उन्होंने कहा कि ऐसा करने वाले भूमाफिया पर सख्ती
कार्रवाई की जाए। किसी भी दशा में वे बचने नहीं चाहिए। सीएम ने गोरखनाथ मंदिर में आयोजित
जनता दर्शन में 150 लोगों की समस्या सुनी और समाधान का भरोसा दिया।
उन्होंने कहा कि दूसरे
की जमीन कब्जा करने वाले दबंगों, कमजोरों को उजाड़ने वालों और भूमाफिया को कतई बख्शा
न जाए। उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। सबक सिखाया जाए। सीएम ने दोहराया
है कि सरकार किसी के भी साथ अन्याय नहीं होने देने और हर व्यक्ति के जीवन में खुशहाली
लाने को संकल्पित है।
सीएम योगी बुधवार सुबह
गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। मंदिर परिसर
के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक वह खुद पहुंचे
और एक-एक करके सबकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उन्होंने
सबको आश्वस्त किया कि उनके रहते किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। सबके प्रार्थना
पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण
का निर्देश दिया।
सीएम ने लोगों को भरोसा
दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का समाधान कराने के लिए दृढ़ संकल्पित है। जनता
दर्शन में दबंगों द्वारा जमीन कब्जा किए जाने की एक शिकायत पर मुख्यमंत्री ने पास में
मौजूद प्रशासन व पुलिस के अफसरों को निर्देशित किया कि जमीन कब्जा की शिकायत पर त्वरित
एक्शन लिया जाए। जमीन कब्जामुक्त होनी चाहिए यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी दबंग
किसी की जमीन पर कब्जा न करने पाए।
जनता दर्शन में कुछ महिलाओं
ने ससुराल पक्ष से विवाद तथा परिवार से जुड़ी शिकायतें भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।
सीएम योगी ने इन शिकायतों पर अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि दोनों पक्षों
के साथ संवाद कर समस्या का समाधान कराया जाए। ऐसा न होने पर विधिसम्मत कार्यवाही की
जाए। राजस्व व पुलिस से जुड़े मामलों को उन्होंने पूरी पारदर्शिता व निष्पक्षता के
साथ निस्तारित करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी के साथ भी अन्याय नहीं होना चाहिए।
हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए उसकी मदद की जाए।
मुख्यमंत्री के समक्ष
जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। सीएम योगी
ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इलाज के लिए भरपूर मदद करेगी। उनके प्रार्थना पत्रों
को अधिकारियों को हस्तगत करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इलाज से जुड़ी इस्टीमेट
की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूर्ण करा कर शासन में उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा
कि इलाज का पैसा अस्पताल के खाते में भेज दिया जाएगा।
सीएम ने की गोसेवा,
गायों को रोटी, गुड़ खिलाया
गोरखनाथ मंदिर प्रवास
के दौरान बुधवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिनचर्या परंपरागत रही। उन्होंने
प्रातःकाल गोरखनाथ मंदिर में शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और
अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर जाकर मत्था टेका। सीएम योगी जब
भी गोरखनाथ मंदिर में होते हैं तो गोसेवा उनकी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा रहती है।
बुधवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए मंदिर की गोशाला में पहुंचे और वहां कुछ समय व्यतीत किया। गोशाला में सीएम योगी ने चारों तरफ भ्रमण करते हुए श्यामा, गौरी, गंगा, भोला आदि नामों से गोवंश को पुकारा। उनकी आवाज इन गोवंश के लिए जानी पहचानी है। प्यार भरी पुकार सुनते ही कई गोवंश दौड़ते-मचलते हुए उनके पास आ गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी के माथे पर हाथ फेरा, उन्हें खूब दुलारा और अपने हाथों से उन्हें गुड़-रोटी खिलाया।