-
Monday, 15th June, 2026
चरगांवा
रूरल न्यूज नेटवर्क। गोरखपुर में
भीषण गर्मी के बीच पक्षियों को पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से "पक्षी जल
पात्र अभियान" चलाया गया। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी गोरखपुर के आजीवन सदस्य
और राज्यपाल द्वारा सम्मानित समाजसेवी आदित्य निगम के नेतृत्व में यह अभियान शुरू
हुआ। इसके तहत पंत पार्क,
विंध्यवासिनी पार्क और अंबेडकर पार्क सहित शहर के लगभग 12 प्रमुख स्थानों
पर पक्षियों के लिए जल पात्र स्थापित किए गए।
इस मानवीय और पर्यावरण
संरक्षण से जुड़े प्रयास की लोगों ने सराहना की और इसमें अपनी सहभागिता भी
सुनिश्चित की। अभियान के दौरान पार्कों में मौजूद बच्चों को पर्यावरण संरक्षण, जीव-जंतुओं के
प्रति संवेदनशीलता और गर्मी में पक्षियों के लिए पानी उपलब्ध कराने के महत्व के
बारे में जागरूक किया गया।
इस अवसर पर आदित्य निगम ने
कहा कि वर्तमान में भीषण गर्मी के कारण पक्षियों के सामने पानी का गंभीर संकट है।
उन्होंने प्रत्येक नागरिक से अपील की कि वे अपने घर, छत, बालकनी और
आसपास के सार्वजनिक स्थलों पर पक्षियों के लिए जल पात्र अवश्य रखें। इससे जीव
संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि आदित्य
निगम को इससे पहले महामहिम राज्यपाल द्वारा टीबी उन्मूलन, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान शिविर और विभिन्न
जन जागरूकता अभियानों में उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया जा
चुका है।
इस अभियान में मृणाल श्रीनेत, कुणाल श्रीवास्तव, शिवम श्रीवास्तव के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों, बच्चों और अन्य समाजसेवियों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया।