-
Wednesday, 1st April, 2026
चरगांवा
रूरल न्यूज नेटवर्क। राजघाट स्थित राप्ती नदी पर बने पुराने पुल की मरम्मत के
कारण 17 मार्च से शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक
लगा दी गई है। मरम्मत के दौरान पुल का केवल एक लेन ही चालू रहेगा, इसलिए यातायात पुलिस ने बड़े वाहनों के लिए
डायवर्जन व्यवस्था लागू की है। यह व्यवस्था एक महीने तक या मरम्मत कार्य पूरा होने
तक प्रभावी रहेगी। यातायात पुलिस ने
वाहन चालकों से निर्धारित मार्ग का पालन करने और असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक
मार्ग अपनाने की अपील की है।
यातायात विभाग के अनुसार 17 मार्च की सुबह 7 बजे से डायवर्जन
व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। इस दौरान बस, ट्रक, टैंकर और ट्रेलर सहित सभी भारी वाहनों के शहर
में प्रवेश पर दिन और रात दोनों समय प्रतिबंध रहेगा। हालांकि दो, तीन और चार पहिया
छोटे वाहनों को नौसढ़ से राजघाट पुल के रास्ते शहर में आने की अनुमति दी गई है।
लखनऊ की ओर से आने
वालों के लिए रूट
लखनऊ की दिशा से आने वाले भारी वाहन नौसढ़ से
बाघागाड़ा होते हुए रामनगर करजहां की ओर जाएंगे। वहां से वे देवरिया बाईपास मार्ग
पर जंगल सिकरी और सिक्टौर होते हुए शहर में प्रवेश कर अपने गंतव्य तक पहुंच
सकेंगे।
वाराणसी-बड़हलगंज
से आने वाले वाहनों का मार्ग
वाराणसी और बड़हलगंज की तरफ से आने वाले बड़े
वाहनों को बाघागाड़ा से फोरलेन पर भेजा जाएगा। इसके बाद वे रामनगर करजहां और
देवरिया बाईपास मार्ग से शहर में प्रवेश कर आगे बढ़ेंगे।
एसपी ट्रैफिक बोले:
24
घंटे रहेगी पुलिस की तैनाती
एसपी ट्रैफिक राजकुमार पाण्डेय ने बताया कि 17 मार्च की सुबह सात बजे से डायवर्जन लागू हो जाएगा। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए राजघाट और गीडा थाना क्षेत्र की पुलिस को विशेष निर्देश दिए गए हैं। इस रूट पर पुलिस की 24 घंटे तैनाती रहेगी। ड्यूटी को तीन शिफ्ट में बांटा गया है और हर शिफ्ट में आठ-आठ घंटे की ड्यूटी लगाई गई है।