-
Monday, 15th June, 2026
चरगांवा
रूरल न्यूज नेटवर्क। एक युवक ने अपनी पत्नी पर किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का आरोप लगाया है।
युवक पिछले 2 साल से दुबई में रहकर नौकरी कर रहा
था। घर पर उसकी पत्नी बेटे और सास-ससुर के साथ रहती थी। पति के लंबे समय तक विदेश
में रहने का फायदा उठाकर पत्नी की बरेली के एक युवक से नजदीकियां बढ़ गईं। दो
महीने पहले जब वह दुबई से घर लौटा तो पत्नी ने साफ कह दिया कि वह अब उसके साथ नहीं
रहेगी और अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती है। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी
दी। मामले में उसने कैंट थाना में FIR दर्ज
कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
16 साल पहले दोनों की हुई थी शादी
डिभिया निवासी युवक ने
तहरीर में बताया कि 16 साल पहले उसका निकाह हुआ था। दोनों का एक बेटा भी है।
पति-पत्नी के रिश्ते सामान्य थे। परिवार के भरण-पोषण और बेटे की पढ़ाई के लिए वह
साल 2024 में रोजगार के सिलसिले में दुबई चला गया था।
युवक के मुताबिक, विदेश में रहने
के दौरान वह अपनी कमाई पत्नी के खाते में भेजता रहा, ताकि घर और
माता-पिता की देखभाल होती रहे। करीब दो महीने पहले जब वह घर लौटा तो पत्नी का
व्यवहार बदला हुआ मिला।
उसने देखा कि पत्नी देर रात
तक मोबाइल पर बातचीत और वीडियो कॉल करती रहती थी। इससे उसे शक हुआ। पूछताछ करने पर
पत्नी ने बताया कि वह बरेली निवासी अनूप नाम के युवक से बात करती है और उसी के साथ
रहना चाहती है।
अलग-अलग नंबरों से दी धमकी
युवक ने इसका
विरोध किया और परिवार टूटने पर नाराजगी जताई। इसके बाद उसके पास अलग-अलग नंबरों से
धमकी भरे फोन आने लगे। फोन करने वालों ने चेतावनी दी कि अगर उसने पत्नी को परेशान
किया तो उसकी हत्या कर दी जाएगी।
धमकियों से डरे युवक ने कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई। युवक ने तहरीर में यह भी आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी देर रात तक अलग-अलग लोगों से मोबाइल पर बात करती है, जिससे उसे अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है। प्रभारी निरीक्षक कैंट थाना संजय सिंह ने बताया- तहरीर के आधार पर महिला और बरेली निवासी अनूप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।