-
Wednesday, 1st April, 2026
चरगांवा
रूरल न्यूज नेटवर्क। गोरखपुर पहुंचे विज्ञान एवं
प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री अनिल कुमार ने वीर बहादुर सिंह नक्षत्रशाला
(तारामण्डल) का निरक्षण किया। उन्होंने नक्षत्रशाला के आधुनिकीकरण कार्यों और
निर्माणाधीन साइंस पार्क का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने परियोजनाओं की प्रगति
की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने
के निर्देश दिए।
इस दौरान
उन्होंने डिजिटल प्रोजेक्शन प्रणाली, बैठने की
व्यवस्था, प्रदर्शनी कक्ष और अन्य
सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नक्षत्रशाला को अत्याधुनिक
तकनीक से सुसज्जित करने का उद्देश्य विद्यार्थियों और शोधार्थियों को बेहतर
शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है।
साइंस पार्क परियोजना को बताया महत्वपूर्ण
निर्माणाधीन
साइंस पार्क का निरीक्षण करते हुए मंत्री ने कार्यदायी संस्था से निर्माण कार्य की
वर्तमान स्थिति और आगामी योजना के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि
साइंस पार्क बनने से बच्चों और युवाओं को विज्ञान के प्रयोगात्मक ज्ञान का अवसर
मिलेगा और यह परियोजना पूर्वांचल क्षेत्र में विज्ञान शिक्षा को मजबूत करने में
अहम भूमिका निभाएगी।
निरीक्षण के
दौरान मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित मानकों
के अनुरूप और तय समय सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में
किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और नियमित निगरानी रखी जाए।
अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
इसके बाद
मंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर परियोजनाओं की विस्तृत
समीक्षा की। बैठक में कार्यों की प्रगति, बजट उपयोग और
भविष्य की योजनाओं पर चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विज्ञान और तकनीकी
शिक्षा के विस्तार के लिए निरंतर प्रयासरत है और गोरखपुर की ये परियोजनाएं क्षेत्र
के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित होंगी।
मंत्री ने कहा कि नक्षत्रशाला और साइंस पार्क के माध्यम से छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि परियोजनाओं के पूरा होने के बाद यहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और आम लोग आकर लाभ उठाएंगे।