-
Wednesday, 1st April, 2026
चरगांवा
रूरल न्यूज नेटवर्क। शनिवार को गैस
सिलेंडर लेने को लेकर अलग-अलग तस्वीरें देखने को मिलीं। शहर की कुछ गैस एजेंसियों
पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी, तो कुछ जगहों पर स्थिति सामान्य रही। भीड़ के कारण कई लोगों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ा,
जिससे उन्हें
काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
ट्रांसपोर्ट
नगर स्थित गोल्डन गैस एजेंसी पर सुबह से ही लोगों की लंबी कतार लग गई। लोग अपने
नंबर का इंतजार करते हुए घंटों लाइन में खड़े रहे। जिन उपभोक्ताओं का DAC नंबर आ गया,
उन्हें आसानी
से गैस मिल गई, लेकिन जिनका नंबर नहीं आया, उन्हें परेशानी उठानी पड़ी। एजेंसी के मैनेजर विवेक तुली ने बताया कि उनके
पास 1000 से ज्यादा
सिलेंडर उपलब्ध हैं और सभी को गैस देने की व्यवस्था है। साथ ही उन्होंने कहा कि
होम डिलीवरी भी की जा रही है और लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की।
गंगा गैस
एजेंसी पर भी सुबह से ही भारी भीड़ देखने को मिली। कई लोग सुबह से लाइन में लगे थे,
दोपहर 12
बजे तक भी
उन्हें गैस नहीं मिल सकी। लाइन में खड़े लोगों ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि
उन्हें रोजमर्रा के काम छोड़कर गैस के लिए आना पड़ रहा है।
यहां से रोज
करीब 100 से अधिक लोग
बिना गैस लिए वापस जाते है। एजेंसी उन्हे अगले दिन का डेट देती है। अगले दिन वहां
उनकी नई लाइन लगवाकर उन्हे सिलेंडर दिया जाता है। एजेंसी पर दो तरह की लाइनें लगी थीं। एक उन लोगों के लिए जो
उसी दिन आए थे और दूसरी उन लोगों के लिए जिन्हें पिछले दिन गैस नहीं मिल पाई थी।
इस वजह से भीड़ और बढ़ गई और लोगों को जल्दी राहत नहीं मिल पा रही थी।
कड़ी धूप के
बीच बच्चे, महिलाएं और
बुजुर्ग छाता और गमछा लेकर खुद को बचाते नजर आए। लंबे इंतजार और गर्मी ने लोगों की
परेशानी को और बढ़ा दिया।
गंगा गैस एजेंसी के मैनेजर धनंजय राय ने बताया कि उनके पास पर्याप्त मात्रा में एलपीजी सिलेंडर मौजूद हैं और रोजाना 800 से 900 सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह पहले तेल को लेकर अफवाह फैली थी, उसी तरह गैस को लेकर भी अनावश्यक डर फैल रहा है। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें।