Default left Ad
Default right Ad
gorakhpur, cm yogi, cold day, young, boyfriend, sister' 01-Feb-2026 02:37 PM

बहन का बॉयफ्रेंड समझ बनाया था युवक को बंधक, बदमाशों ने अधमरा कर गाड़ी से फेंका, 6 भेजे गए जेल

रूरल न्यूज नेटवर्क गोरखपुर के रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में रील क्रिएटर के अपहरण और लूटपाट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। महराजगंज के रहने वाले छह युवकों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल की गई दो कारों को भी जब्त कर लिया है।

यह घटना तिवारीपुर थाना क्षेत्र के जाफरा बाजार निवासी शाहिद कुरैशी के साथ हुई थी। 29 जनवरी की रात करीब 9 बजे शाहिद नौका विहार क्षेत्र में एक चाय की दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान दो कारों से आए कुछ युवकों ने उसे जबरन पकड़ लिया और मारपीट करते हुए गाड़ी में बैठा लिया। आरोपियों को शक था कि शाहिद उनकी एक लापता बहन का बॉयफ्रेंड है। इसी गलतफहमी में उन्होंने अपहरण की वारदात को अंजाम दिया। गाड़ी में बैठाने के बाद जब आरोपियों ने शाहिद का मोबाइल चेक किया तो उन्हें सच्चाई पता चली कि वह उनकी बहन का बॉयफ्रेंड नहीं है।

इसके बाद आरोपी उसे भटहट से आगे सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। घटना की जानकारी शाहिद के एक दोस्त ने उसकी मां को दी। मां ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शाहिद के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस कर आधी रात में उसे सुरक्षित बरामद कर लिया। इसके बाद तहरीर के आधार पर अपहरण और लूटपाट सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल जांच के आधार पर सभी छह आरोपियों को हिरासत में लिया।

Image Source Here...

एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महराजगंज जिले के राहुल कुमार, रितेश पाण्डेय, रवि विश्वकर्मा, सूरज यादव, अमित सिंह और विवेक सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में से दो का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड भी है।

सूरज यादव के खिलाफ वर्ष 2025 में श्यामदेउरवा थाने में कई गंभीर मामले दर्ज हैं, जबकि विवेक सिंह के खिलाफ श्यामदेउरवा और गुलरिहा थानों में मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों को जेल भेजे जाने के दौरान थाने पर उनके परिजनों की भीड़ जुट गई थी। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।

Static Fallback middleAd2 Ad

अपने ज़िले और उसके गांवों की खबरें जानने के, लिए जुड़े हमसे अभी

×