-
Wednesday, 1st April, 2026
चरगांवा
रूरल न्यूज नेटवर्क। औद्योगिक क्षेत्र गीडा से एक मामला सामने आया
है। यहां पांच बच्चों की मां अपने पति और बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ फरार हो
गई है। इस घटना के बाद पीड़ित पति ने गीडा थाने में
तहरीर दी है और न्याय की गुहार लगाई है। पति का आरोप है कि
उसकी पत्नी केवल घर छोड़कर नहीं गई, बल्कि अपने साथ
लाखों रुपये के कीमती जेवरात भी ले गई है।
रोजी-रोटी की तलाश में आए थे गीडा जानकारी के अनुसार, गोला थाना क्षेत्र के एक गांव का निवासी पीड़ित
युवक अपनी पत्नी और पांच बच्चों (दो बेटे और तीन बेटियों) के साथ गीडा इलाके में
रहता था। परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए
दंपत्ति यहां की अलग-अलग फैक्ट्रियों में काम करते थे। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन इसी बीच एक युवक ने उनके खुशहाल परिवार
में सेंध लगा दी।
बहला-फुसलाकर प्रेम जाल में फंसाने का आरोप पुलिस को दी गई तहरीर में पति ने बताया कि
उनके गांव के बगल का ही एक युवक उसकी पत्नी के संपर्क में था। आरोप है कि उस युवक
ने महिला को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। धीरे-धीरे स्थिति यह हो गई कि महिला
अपनी फैक्ट्री की पूरी कमाई भी उसी युवक को देने लगी। पति को जब तक इसकी भनक लगती, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
घर से कीमती जेवरात भी गायब पीड़ित का आरोप है कि बीते दिनों मौका पाकर
आरोपी युवक उसकी पत्नी को लेकर फरार हो गया। घर की तलाशी लेने पर पता चला कि महिला
अपने साथ घर में रखे सोने-चांदी के महंगे जेवरात भी बटोर ले गई है। पांच बच्चों के
सिर से मां का साया उठ जाने के बाद परिवार में कोहराम मचा है। छोटे बच्चों का
रो-रोकर बुरा हाल है, जिन्हें अब उनके पिता संभालने की कोशिश कर रहे
हैं।
गीडा पुलिस ने बताया कि पीड़ित पति की तहरीर
प्राप्त हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। महिला और
उसके प्रेमी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही मामले
का खुलासा किया जाएगा।