-
Wednesday, 1st April, 2026
चरगांवा
रूरल न्यूज नेटवर्क। गोरखपुर के मेडिकल रोड स्थित प्रकाश क्रिकेट ग्राउंड पर MCC हाई परफॉर्मेंस कैंप के लिए चयन ट्रायल आयोजित
किया गया। ट्रायल में गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों से आए 100 से अधिक युवा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और
अपने खेल का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग में अपनी क्षमता दिखाते
हुए चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया।
ट्रायल का संचालन विनय सक्सेना, पंकज शुक्ला और राकेश कुमार के मार्गदर्शन में
किया गया। चयनकर्ताओं ने खिलाड़ियों की तकनीक, फिटनेस और खेल की
समझ को ध्यान से देखा। खिलाड़ियों को अलग-अलग समूहों में मौका दिया गया, ताकि हर खिलाड़ी अपनी क्षमता दिखा सके।
खिलाड़ियों ने
दिखाया शानदार खेल
ट्रायल के दौरान कई खिलाड़ियों ने अपने बेहतर
प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। खासकर कुछ तेज गेंदबाजों और बल्लेबाजों
ने अच्छा खेल दिखाया। ट्रायल के आधार पर कुछ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया
जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति और कैंप में भाग लेने के लिए विशेष छूट भी
दी जाएगी।
हाई परफॉर्मेंस कैंप में खिलाड़ियों को विश्व
स्तर के कोच और पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से प्रशिक्षण मिलेगा। कैंप में
चमिंडा वास, वसीम जाफर, विनायक सामंत और
ज्वाला सिंह जैसे अनुभवी खिलाड़ी युवाओं को क्रिकेट की बारीकियां सिखाएंगे। कैंप
के दौरान खिलाड़ियों को आधुनिक तरीके से प्रशिक्षण दिया जाएगा।
ज्वाला सिंह ने
खिलाड़ियों को किया प्रेरित
इस दौरान ज्वाला सिंह भी मैदान पर मौजूद रहे।
उन्होंने खिलाड़ियों से बातचीत की और अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने युवाओं से कहा
कि क्रिकेट में आगे बढ़ने के लिए लगातार अभ्यास, अनुशासन और मेहनत
बहुत जरूरी है।
ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों के साथ उनके अभिभावक भी बड़ी संख्या में मैदान पर मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। आयोजन के दौरान मैदान पर अच्छा माहौल देखने को मिला। इससे साफ है कि गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में पेशेवर क्रिकेट प्रशिक्षण के प्रति युवाओं की रुचि तेजी से बढ़ रही है।