Default left Ad
Default right Ad
gorakhpur, cm yogi, cold day, Board exam, UP Board 17-Feb-2026 06:51 PM

UP बोर्ड परीक्षा की तैयारी पूरी, 197 केंद्रों पर 1.33 लाख परीक्षार्थी होंगे शामिल

रूरल न्यूज नेटवर्क माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं जिले के 197 परीक्षा केंद्रों पर कल से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी के बीच शुरू होंगी। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए प्रशासन और शिक्षा विभाग ने व्यापक और बहुस्तरीय इंतजाम किए हैं।

इस बार कुल एक लाख 33 हजार 534 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें हाईस्कूल के 67,642 और इंटरमीडिएट के 65,892 परीक्षार्थी हैं परीक्षा 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक चलेगी। पहले दिन हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों का पहला प्रश्नपत्र हिंदी का होगा। हाईस्कूल की परीक्षा सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक आयोजित की जाएगी, जबकि इंटरमीडिएट की परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक निर्धारित समय सारणी के अनुसार संपन्न होगी।

Image Source Here...

जुबिली इंटर कॉलेज में बनाया गया कंट्रोल रूम परीक्षा की निगरानी के लिए शहर के जुबिली इंटर कॉलेज में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यहां से सभी परीक्षा केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अमरकांत सिंह, प्राचार्य डॉ. विश्वप्रकाश सिंह और उप प्राचार्य किरन अरेटो ने कंट्रोल रूम से CCTV कैमरों के जरिए व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

परीक्षार्थियों के लिए जरूरी निर्देश प्रशासन की ओर से परीक्षार्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से कम से कम 30 मिनट पहले पहुंचें और प्रवेश पत्र के साथ पहचान पत्र अवश्य लेकर आएं। परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

परीक्षार्थी केवल निर्धारित स्टेशनरी ही साथ रखें और परीक्षा कक्ष में शांति बनाए रखते हुए कक्ष निरीक्षक के निर्देशों का पालन करें। किसी भी प्रकार की नकल या अनुचित साधन का प्रयोग करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

10 सचल दल करेंगे औचक निरीक्षण

परीक्षा को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिले में 10 सचल दलों का गठन किया गया है। इनमें 6 टीमें जिला स्तर की और 4 टीमें मंडल स्तर की हैं। ये टीमें परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगी और किसी भी तरह की लापरवाही मिलने पर कार्रवाई करेंगी।

प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सभी परीक्षा केंद्रों पर पेपर के लॉकर स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक की मौजूदगी में ही खोले जाएंगे। प्रश्नपत्रों का मिलान कर सुरक्षित वितरण सुनिश्चित किया गया है, ताकि गोपनीयता पूरी तरह बरकरार रहे।

सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम

परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिले में 197 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 198 केंद्र व्यवस्थापक, 198 वाह्य केंद्र व्यवस्थापक, 32 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 17 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 8,265 कक्ष निरीक्षक ड्यूटी पर रहेंगे। परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू रहेगी।

जिला कारागार में भी होगा परीक्षा आयोजन

जिला कारागार को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां 22 कैदी इंटरमीडिएट की परीक्षा देंगे। यहां एक केंद्र व्यवस्थापक और दो कक्ष निरीक्षक की तैनाती की गई है।

CCTV निगरानी और सुरक्षा बल रहेंगे तैनात

 इसके अलावा सभी केंद्रों पर CCTV कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की गई है और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। परीक्षा केंद्रों के आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी जाएगी, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।

प्रशासन ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।

DIOS डॉ. अमरकांत सिंह ने बताया कि बोर्ड परीक्षा को सकुशल और नकलविहीन कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हर केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं और ऑनलाइन निगरानी के लिए राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज में कंट्रोल रूम बनाया गया है।

Static Fallback middleAd2 Ad

अपने ज़िले और उसके गांवों की खबरें जानने के, लिए जुड़े हमसे अभी

×