-
Wednesday, 1st April, 2026
चरगांवा
रूरल न्यूज नेटवर्क। गोरखपुर में इस बार मार्च के महीने में ही
गर्मी तेज हो गई है। दोपहर की कड़ी धूप ने लोगों की रूटीन पर असर डालना शुरू कर
दिया है। हालत यह है कि दोपहर के समय घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। जो लोग
जरूरी काम से निकल रहे हैं, वे चेहरा ढककर ही
बाहर जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि धूप इतनी तेज है कि त्वचा पर जलन महसूस हो
रही है।
दरअसल, बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री ज्यादा है।
दिन में तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के
आसपास पहुंच रहा है, जिससे गर्मी का असर साफ महसूस हो रहा है। वहीं
न्यूनतम तापमान 18 से 19 डिग्री सेल्सियस के
बीच बना हुआ है, जिससे दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर
देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार तक मौसम साफ रहने
का अनुमान है। इस दौरान तेज धूप के साथ अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस तक
जा सकता है। ऐसे में आने वाले दो-तीन दिनों में गर्मी और बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने पहले 15 और 16 मार्च को बारिश का
अनुमान जताया था, लेकिन बारिश नहीं हुई। अब नया पूर्वानुमान जारी
करते हुए 20 से 22 मार्च के बीच मौसम
में बदलाव की बात कही गई है। इस दौरान कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती
हैं।
तेज हवाओं के साथ
बारिश के आसार
20 से 22 मार्च के बीच 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। तेज हवाओं और हल्की बारिश से तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।