-
Monday, 15th June, 2026
चरगांवा
रूरल न्यूज नेटवर्क। कभी अराजकता का
अड्डा माना जाने वाला रामगढ़ताल आज पर्यटन का पसंदीदा केंद्र बना है। CM योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट के कारण इसका तेजी से
विकास हुआ। आज यह ताल वाटर स्पोर्ट्स का केंद्र बन चुका है। मुख्यमंत्री के प्रयास
से यहां 49 करोड़ रुपये की लागत से वाटर स्पोर्ट्स
कांप्लेक्स बनने के बाद इस ताल की स्थिति में आमूलचूल बदलाव आया। राष्ट्रीय स्तर
की रोइंग प्रतियोगिताओं की लगातार मेजबानी रामगढ़ताल को मिलने लगी है।
3 साल के अंदर यहां नेशनल लेवल रोइंग की 3 सफल प्रतियोगिताएं हो चुकी हैं और राष्ट्र स्तरीय चौथी
प्रतियोगिता सोमवार से शुरू हुई है। इसके साथ ही रामगढ़ताल एशियाड रोइंग की तैयारी
के लिए राष्ट्रीय महिला टीम के विशेष प्रशिक्षण शिविर की शानदार मेजबानी भी कर
चुका है।
वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
बनाए जाने के बाद रामगढ़ताल वाटर स्पोर्ट्स के क्षेत्र में, खासकर रोइंग प्रतियोगिताओं के लिए महत्वपूर्ण प्लेटफार्म
बनकर उभरा है। रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की तरफ से प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए
रामगढ़ताल को खासी वरीयता दी जा रही है। वाटर स्पोर्ट्स के लिए समूचे उत्तर भारत के
लिए महत्वपूर्ण इस वेन्यू पर, फेडरेशन रोइंग
एकेडमी भी स्थापित करने की तैयारी में है।
रामगढ़ताल के किनारे वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनने के बाद यहां सबसे पहले मई 2023 के खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की रोइंग प्रतियोगिता का सफल आयोजन हुआ था। इस प्रतियोगिता में देशभर के विश्वविद्यालयों से करीब ढाई सौ खिलाड़ी शामिल हुए थे। इसके बाद यहां अक्टूबर 2024 में रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की मेजबानी में सब जूनियर राष्ट्रीय रोइंग प्रतियोगिता हुई। इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी आए थे। राष्ट्रीय स्तर की रोइंग प्रतियोगिताओं के आयोजन, रोइंग के लिए मानक के अनुरूप इंफ्रास्ट्रक्चर को देखते हुए रामगढ़ताल में ही, एशियाड 2026 में प्रतिभाग के लिए राष्ट्रीय महिला रोइंग टीम के कैंप का आयोजन इस वर्ष मार्च माह में हुआ था। यह रोइंग भारतीय रोइंग के इतिहास में पहली बार उत्तर प्रदेश को रोइंग के राष्ट्रीय प्रशिक्षिण शिविर की मेजबानी मिली थी। इस मई माह में रोइंग की दो राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं ने रामगढ़ताल का नाम पूरे देश में प्रतिष्ठित कर दिया है। पहली राष्ट्रीय प्रतियोगिता अस्मिता नेशनल महिला रोइंग लीग के रूप में 16 मई को सम्पन्न हुई तो इस माह की दूसरी प्रतियोगिता, जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप का शुभारंभ सोमवार को हुआ। रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष एवं यूपी रोइंग एसोसिएशन के सचिव सुधीर शर्मा का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विशेष रूचि और दूरदर्शी नेतृत्व के चलते गोरखपुर का रामगढ़ताल अब देश के बेहतरीन रोइंग वेन्यू के रूप में स्थापित हो चुका है। यहां लगातार हो रहे राष्ट्रीय स्तर के आयोजन इसका प्रमाण हैं कि रामगढ़ताल वाटर स्पोर्ट्स के हब के रूप में उभर रहा है। सीएम योगी की पहल पर रामगढ़ताल और वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के विकास ने उत्तर प्रदेश के खेल इतिहास, विशेषकर रोइंग के क्षेत्र में में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है।