-
Wednesday, 1st April, 2026
चरगांवा
रूरल न्यूज नेटवर्क। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS)
के सरसंघचालक
डा. मोहन भागवत 14 फरवरी को तीन दिवसीय प्रवास पर गोरखपुर आएंगे। वह संघ के
शताब्दी वर्ष पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस दौरान
वह सामाजिक सद्भाव बैठक को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही जिला, विभाग व प्रांत
कार्यकारिणी के लोगों के साथ बैठक करेंगे। सरसंघचालक शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों
की समीक्षा व योजना रचना पर चर्चा करेंगे।
14 फरवरी को सायं काल वो गोरखपुर पहुंचेंगे । प्रवास के दूसरे
दिन 15 फरवरी को सुबह 9
बजे से सामाजिक
सद्भाव बैठक को संबोधित करेंगे। इस बैठक में पूरे प्रांत से विभिन्न जाति, वर्गों और
सामाजिक सद्भाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रमुख सामाजिक लोग सम्मिलित
होंगे। इस दौरान मोहन भागवत लोगों से संवाद स्थापित कर सामाजिक समरसता के विषय पर
विचार साझा करेंगे।।
इसी दिन दोपहर
बाद 3 बजे से प्रमुख
जन गोष्ठी का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें भी सरसंघचालक शामिल होंगे। यहां समाज के
विभिन्न वर्गों के प्रमुख जनों को संबोधित करेंगे। प्रमुख जन गोष्ठी में विभिन्न
वर्गों और क्षेत्रों से प्रमुख जन की उपस्थिति रहेगी। संगोष्ठी में समाज के विविध
घटकों के बीच पारस्परिक विश्वास, समन्वय और सहयोग को सुदृढ़ करने पर विशेष चर्चा होगी।
प्रवास के
तीसरे और अंतिम दिन 16 फरवरी को सुबह 9:30 बजे से कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे । इस
बैठक में शताब्दी वर्ष के अब तक हुए कार्यक्रमों की समीक्षा और आगे होने वाले
कार्यक्रम की योजना रचना पर चर्चा करेंगे।
इस बैठक में
जिला टोली, विभाग टोली और
प्रांत कार्यकारिणी के कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे। इसी दिन शाम 5 बजे से
सरसंघचालक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ गोरखपुर विभाग के द्वारा आयोजित कुटुंब स्नेह
मिलन कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। इस कुटुम्ब स्नेह मिलन कार्यक्रम को सरसंघचालक
डा. मोहन भागवत संबोधित करेंगे और कुटुंब प्रबोधन का विषय कार्यकर्ताओं और उनके
परिवार के बीच रखेंगे। इन कार्यक्रमों में वे ही लोग शामिल होंगे, जिन्हें इसके
लिए बुलाया जाएगा। सभी कार्यक्रम योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में होंगे।