-
Wednesday, 1st April, 2026
चरगांवा
रूरल न्यूज नेटवर्क।
गोरखपुर के रामगढ़ताल थाना क्षेत्र
के नौकाविहार इलाके में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। सोशल मीडिया रील बनाने वाले
युवक शाहिद कुरैशी का छह युवकों ने अपहरण कर लिया। आरोपियों ने पहले उसके साथ मारपीट
की और फिर लगभग 30 किलोमीटर दूर ले जाकर चलती गाड़ी से नीचे फेंक दिया।
गनीमत रही कि वह बालू
पर गिरा, जिससे उसकी जान बच गई। शाहिद कुरैशी तिवारीपुर थाना क्षेत्र के जाफरा बाजार
का रहने वाला है। मंगलवार रात करीब 9 बजे वह अपने एक दोस्त के साथ नौकाविहार घूमने
गया था। वहां वह एक दुकान पर चाय पी रहा था। इसी दौरान दो गाड़ियों से छह युवक उतरे
और अचानक उसके पास पहुंचे। आरोपियों ने शाहिद को जबरन कुर्सी से उठाया।
जब उसने विरोध किया तो
उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। पीड़ित शाहिद के मुताबिक, आरोपियों ने उसे जान
से मारने की धमकी दी और जबरदस्ती कार में बैठा लिया।
किसी दूसरे की जगह शाहिद
को उठा लिया था इसके बाद उसे भटहट के आगे तक ले जाया गया। रास्ते में आरोपियों ने उसका
मोबाइल फोन चेक किया। मोबाइल की जांच के बाद उन्हें पता चला कि वह जिस व्यक्ति को ढूंढ
रहे थे, शाहिद वह नहीं है। इसके बाद आरोपियों ने उसे चलती गाड़ी से नीचे फेंक दिया
और फरार हो गए।
गाड़ी से गिरने के बाद
शाहिद बेहोश हो गया। कुछ देर बाद जब उसे होश आया तो उसने खुद को बालू पर पड़ा पाया।
इधर, शाहिद के साथ गया उसका दोस्त किसी तरह वहां से बच निकला और पूरी घटना की जानकारी
शाहिद की मां को दी। मां ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने शाहिद को सुरक्षित बचाया
सूचना मिलते ही रामगढ़ताल पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने
शाहिद के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की और आधी रात में उसे सुरक्षित बरामद कर लिया। इसके
बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अपहरण में शामिल सभी छह आरोपियों को हिरासत में ले
लिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों का मकसद किसी और व्यक्ति का अपहरण करना था। दरअसल, महराजगंज की एक युवती लापता थी और उसका लोकेशन नौकाविहार के आसपास मिला था। आरोपियों ने शाहिद को उस युवती का बॉयफ्रेंड समझ लिया और इसी गलतफहमी में उसका अपहरण कर लिया। जब मोबाइल जांच में सच्चाई सामने आई तो आरोपी उसे रास्ते में फेंककर भाग गए।