-
Wednesday, 1st April, 2026
चरगांवा
रूरल न्यूज नेटवर्क। मेरे बेटे को मारने वाला घर
से 20 मीटर की दूरी पर रहता है।
वह मेरे बेटे को साथ लेकर गया। धर्मशाला के पास तलाब में डुबोकर उसकी हत्या की।
इसके बाद जल्लाद कातिल ने मेरे बेटे के हाथ का मांस नोचकर खाया था। बड़ी बेरहमी से
मेरे बेटे को मारा, इसके बाद रात
में घर आकर बड़े आराम से सोया था।
यह बातें बेटे मोमिनुल हक (9) की हत्या के बाद रो-रोकर पिता अब्दुल ने पुलिस से बताईं। सोमवार को धर्मशाला के पास स्थित तलाब में मिट्टी में धंसी मोमिनुल की लाश मिली थी। उसके एक हाथ का मांस नहीं था। ऐसा लग रहा था कि उसे काटकर निकाला गया है। फिलहाल पुलिस का मानना है कि रात भर लाश खुले में रहने के दौरान ही कुत्ते भी मांस नोच सकते हैं।
गोरखनाथ थाना क्षेत्र के हुमायूंपुर उत्तरी के रहने वाले बच्चे की हत्या ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है। मृतक बच्चा अब्दुल और मरियम खातून का बड़ा बेटा था। घटना के बाद पिता अब्दुल और मां मरियम रोते-बिलखते घर में सदमे में हैं। छोटे भाई इमामूल और बहन सोहना खातून भी हादसे के गहरे आघात से उबर नहीं पा रहे हैं। पिता रोते हुए बोले, आरोपी ने हत्या से पहले उनके मासूम बेटे का हाथ भी नोंच खाया।
पड़ोसियों के
अनुसार, आरोपी किशोर मासूम बच्चे के
घर से केवल 20 मीटर की दूरी पर रहता है।
घटना के खुलासे के बाद आरोपी के परिजन झोपड़ी में ताला बंद कर भाग गए हैं।
पड़ोसियों ने बताया कि देर रात को आरोपी नशे की हालत में घर लौटा, खाना खाया और आराम से सो गया।
मोमिनुल के
पिता ने पुलिस को बताया था कि घर के बगल में रहने वाला लड़का शाम के समय बेटे को
लेकर गया था। अब वह इस बात से इंकार कर रहा है। पुलिस ने जब हकीकत जानने के लिए
सीसीटीवी कैमरे की जांच की तो बच्चा आरोपी लड़के के साथ दिखा।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ था आरोपी किशोर
मासूम के लापता होने की सूचना पर गोरखनाथ पुलिस सीसीटीवी
कैमरों की मदद से पुलिस ने मासूम की खोजबीन शुरू की। फुटेज में आरोपी किशोर मासूम
को अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिया। पिता अब्दुल ने आरोप लगाया कि हत्यारोपी ने
उनके बेटे का हाथ भी नोच लिया। बेटे की मौत की
खबर सुनते ही मां मरियम की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गईं। इलाके में हर तरफ
सन्नाटा छा गया। झोपड़ियों में चूल्हे नहीं जले और घरों में मातम का माहौल छा गया।
पड़ोसियों का कहना है कि बच्चे के साथ हुई यह हत्या पूरे मोहल्ले के लिए सदमे की
खबर है। लोगों में आरोपी किशोर और उसके परिजनों के खिलाफ गुस्सा और भय दोनों हैं। इसके बाद सोमवार सुबह जब पुलिस आरोपी के पास
पहुंची तो पहले आरोपी ने बच्चे को साथ ले जाने की बात से इंकार कर दिया। जब पुलिस
ने उसे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज दिखाई,
तब वह अपना
जुर्म कबूल किया।
आरोपी की उम्र 15 साल
इस संबंध में
सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया- पिता ने कॉल कर पुलिस को सूचना दी थी कि
उनके बच्चे को बगल में रहने वाले लड़के ने डूबोकर मार डाला है। इस सूचना पर तत्काल
बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपी नाबालिग है। उसकी 15 साल उम्र बताई जा रही है। उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा
रही है।