-
Wednesday, 1st April, 2026
चरगांवा
रूरल न्यूज नेटवर्क। गोरखपुर में रमजान के पाक
महीने में शुक्रवार को जुमे की नमाज के लिए मस्जिदों में बड़ी संख्या में रोजेदार
पहुंचे। नमाज के समय मस्जिदों में अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। रोजेदारों ने एक
साथ नमाज अदा कर अल्लाह की इबादत की और मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली तथा अपने परिवार की सलामती के लिए दुआ मांगी। रमजान
के आखिरी दौर में पहुंचने के कारण इन दिनों मस्जिदों में नमाजियों की संख्या
लगातार बढ़ रही है।
शहर की
ऐतिहासिक इमामबाड़ा बड़ी मस्जिद में जुमे की नमाज के दौरान बड़ी संख्या में
रोजेदार पहुंचे। नमाज के समय मस्जिद का परिसर नमाजियों से भर गया। जगह कम पड़ने पर
कई लोगों ने मस्जिद के बाहर और आसपास की सड़कों पर कतार बनाकर नमाज अदा की। इसके
अलावा अलीनगर, रेती चौक, रसूलपुर, शाहपुर, तुर्कमानपुर और अन्य मोहल्लों की मस्जिदों में भी बड़ी
संख्या में लोग नमाज के लिए पहुंचे।
रमजान के तीसरे
अशरे में बढ़ी इबादत रमजान का महीना
अब अपने अंतिम चरण यानी तीसरे अशरे में चल रहा है। इस दौरान रोजेदार इबादत, कुरआन की तिलावत और दुआ में अधिक समय बिताते हैं। मस्जिदों
में पांचों वक्त की नमाज के साथ रात में तरावीह की नमाज भी अदा की जा रही है। कई
लोग मस्जिदों में एतिकाफ बैठने की तैयारी भी कर रहे हैं, जिसमें रोजेदार दस दिनों तक मस्जिद में रहकर लगातार इबादत
करते हैं।
रोजेदार सुबह
सहरी के बाद रोजा शुरू करते हैं और पूरे दिन रोजा रखने के बाद शाम को इफ्तार करते
हैं। गोरखपुर में इन दिनों सहरी का समय करीब सुबह 4:50 बजे के आसपास
और इफ्तार का समय करीब शाम 6:00 बजे के आसपास
हो रहा है। रोजेदार पूरे दिन सब्र और परहेज के साथ रोजा रखते हुए इबादत में समय
बिता रहे हैं।
मस्जिदों में दिखा
अनुशासन और भाईचारा
जुमे की नमाज के दौरान मस्जिदों में अनुशासन
और भाईचारे का माहौल देखने को मिला। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से मुलाकात
कर रमजान की मुबारकबाद दी और समाज में शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
मस्जिद कमेटियों की ओर से साफ-सफाई और नमाजियों की व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखा
गया।
रमजान के अंतिम दिनों के करीब आते ही शहर के
बाजारों में भी रौनक बढ़ने लगी है। लोग ईद को लेकर कपड़े, सेवईं, सूखे मेवे और अन्य
जरूरी सामान की खरीदारी कर रहे हैं। शाम के समय बाजारों में लोगों की भीड़ दिखाई
दे रही है। चांद दिखाई देने के बाद ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया जाएगा, जिसकी तैयारियां भी अब तेज हो गई हैं।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस रही तैनात जुमे की नमाज के दौरान शहर की प्रमुख मस्जिदों और आसपास के इलाकों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। पुलिसकर्मी लगातार निगरानी करते रहे, जिससे नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। नमाज के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हुई और सभी जगह माहौल शांतिपूर्ण रहा।