-
Wednesday, 1st April, 2026
चरगांवा
रूरल न्यूज नेटवर्क। गोरखपुर में
फॉर्च्यूनर से टक्कर मारकर MBBS छात्र समेत 2 लोगों की जान लेने वाला आरोपी पुलिस कस्टडी में
रंगबाजी से चलता नजर आया। वीडियो में दिख रहा है कि दो पुलिसकर्मी उसे पकड़े हैं।
वह जींस की दोनों जेबों में हाथ डालकर स्टाइल में चल रहा है।
आरोपी गोल्डेन
साहनी ने सोशल मीडिया पर कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के साथ कई रील बनाई हैं। उसकी
मंत्री के साथ एक तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें उसने कैप्शन लिखा है- कैबिनेट मंत्री
(फूफा)। वह खुद को सोशल मीडिया पर भावी ब्लॉक प्रमुख पिपरौली भी बताता था। दरअसल, होली की रात गोल्डेन साहनी ने ओवरब्रिज पर MBBS
छात्र आकाश
पांडेय और उमेश शर्मा (50) को टक्कर मार दी थी। MBBS छात्र को हादसे के बाद जिला
अस्पताल के डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था, जबकि उमेश शर्मा ने गुरुवार
देर रात एम्स में इलाज के दौरान दम तोड़ा।
हादसे के एक
घंटे बाद पुलिस ने आरोपी को ट्रेस करके पकड़ लिया और थाने ले गई। उस समय उसने
ब्लैक शर्ट और जींस पहनी हुई थी। अगले दिन जब पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया,
तो वह सफेद
शर्ट में नजर आया।
होली के दिन बुधवार रात करीब 10 बजे मोहद्दीपुर-कौवाबाग ओवरब्रिज पर यह हादसा हुआ था। एक फॉर्च्यूनर ने तीन-चार गाड़ियों को टक्कर मार दी। दूसरी गाड़ियों को हल्की टक्कर लगी, जबकि आकाश और उमेश शर्मा की स्कूटी में जोरदार टक्कर हुई।
टक्कर लगते ही आकाश हवा में उछलकर
करीब 15 मीटर दूर
ओवरब्रिज की रेलिंग से टकराकर औंधे मुंह लटक गए।
वहीं, उमेश शर्मा
घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और ओवरब्रिज
पर भीड़ लग गई। लोग वीडियो बनाते रहे, लेकिन किसी ने छात्र को रेलिंग से नहीं उतारा।
राहगीरों की सूचना पर करीब 30 मिनट बाद पुलिस पहुंची और आकाश को रेलिंग से उतारा।
इसके बाद पुलिस
उमेश और आकाश को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। यहां डॉक्टरों ने आकाश को मृत घोषित कर
दिया। वहीं, उमेश कोमा में
चले गए थे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें गोरखपुर एम्स रेफर कर दिया,
जहां गुरुवार
देर रात इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
MBBS छात्र घर का इकलौता बेटा था
आकाश पांडेय
संतकबीरनगर के धर्मसिंघवा थाना क्षेत्र के बरगदवां माफी वार्ड नंबर 10 के रहने वाले
थे। उनके पिता देवेंद्र नाथ पांडेय टेंट की दुकान चलाते हैं, जबकि मां
लीलावती देवी गृहिणी हैं। आकाश अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे और पढ़ाई में
शुरू से ही तेज थे।
होली के दिन आकाश शाम को दोस्त अनूप के घर गए थे। वहां खाना खाने के बाद रात करीब 10 बजे हॉस्टल लौट रहे थे। इसी दौरान मोहद्दीपुर-कौवाबाग ओवरब्रिज पर हादसा हो गया। सूचना मिलते ही दोस्त अनूप अस्पताल पहुंचा और फूट-फूटकर रोने लगा। उसने डॉक्टरों से कहा-साहब, मेरे दोस्त को बचा लीजिए।
MBBS छात्रों ने निकाला कैंडल मार्च बीआरडी मेडिकल कॉलेज में गुरुवार को MBBS छात्र के साथियों, इंटर्न डॉक्टरों और अन्य छात्रों ने कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि दी। छात्रों ने कहा कि हादसे के आरोपी गोल्डेन साहनी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। लापरवाही से वाहन चलाने के कारण एक छात्र की जान चली गई।