Default left Ad
Default right Ad
gorakhpur, cm yogi, State, Committee 09-Mar-2026 03:29 PM

पांच प्रमुख चौराहों को नए सिरे से सुंदर और व्यवस्थित बनाने की योजना, राज्य स्तरीय तकनीकी समिति ने दी मंजूरी

रूरल न्यूज नेटवर्क महानगर के पांच प्रमुख चौराहों को नए सिरे से सुंदर और व्यवस्थित बनाने की योजना को राज्य स्तरीय तकनीकी समिति ने मंजूरी दे दी है। इस परियोजना के तहत शहर के प्रमुख चौराहों का री-डिजाइन किया जाएगा, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी और यातायात व्यवस्था पहले से बेहतर बनेगी।

इस योजना के तहत यातायात चौराहा, यूनिवर्सिटी चौराहा, महाराणा प्रताप चौराहा, स्पोर्ट्स कॉलेज चौराहा और गुरुंग तिराहा का सुंदरीकरण किया जाएगा। इन सभी चौराहों के विकास पर कुल करीब 10 करोड़ 96 लाख 26 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।

नगर निगम के अनुसार परियोजना को जल्द ही व्यय वित्त समिति से भी स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू कराकर काम शुरू कराया जाएगा।

ट्रैफिक जाम कम करने के लिए होगा नया डिजाइन

चौराहों को इस तरह से री-डिजाइन किया जाएगा कि अनावश्यक ट्रैफिक कंजेशन कम हो सके। वाहनों के लिए अलग-अलग लेन स्पष्ट रूप से निर्धारित की जाएंगी, जिससे वाहन चालकों को आवागमन में आसानी होगी।

इसके साथ ही पैदल यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पाथवे, साफ-सुथरे जेब्रा क्रॉसिंग और आधुनिक ट्रैफिक सिग्नल सिस्टम भी विकसित किए जाएंगे।

एलईडी लाइटिंग और हरियाली से बढ़ेगी सुंदरता

चौराहों को आकर्षक बनाने के लिए एलईडी लाइटिंग, हरियाली और सजावटी पौधे लगाए जाएंगे। कुछ प्रमुख चौराहों पर शहर की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाने वाले आकर्षक स्कल्पचर भी स्थापित किए जाएंगे। इससे चौराहों की सुंदरता बढ़ेगी और शहर की पहचान भी मजबूत होगी।

Image Source Here...

खास बदलाव

यातायात तिराहा- यहां गोलंबर बनाकर फुटपाथ की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। गोलंबर के बीच वेब थीम आधारित स्कल्पचर स्थापित किया जाएगा।

महाराणा प्रताप तिराहा- रेलवे स्टेशन की बाउंड्री से सटे अतिक्रमण को हटाया जाएगा। गोलंबर का दायरा बढ़ाकर करीब 12 मीटर किया जाएगा, जिससे यातायात बेहतर तरीके से संचालित हो सके।

गौतम गुरुंग तिराहा- यहां का गोलंबर भी 12 मीटर लंबा और 12 मीटर चौड़ा बनाकर नए सिरे से विकसित किया जाएगा। साथ ही गौतम गुरुंग की प्रतिमा स्थापित की जाएगी और आसपास फूल-पौधे लगाए जाएंगे।

यूनिवर्सिटी चौराहा- यहां गोलंबर को बड़ा किया जाएगा। मोहद्दीपुर रोड को छोड़कर पार्क रोड, यूनिवर्सिटी रोड और रोडवेज की ओर चौड़े डिवाइडर और पाथवे बनाए जाएंगे।

स्पोर्ट्स कॉलेज चौराहा- यहां भी स्कल्पचर स्थापित किए जाएंगे और हरियाली बढ़ाने के लिए पौधे लगाए जाएंगे। साथ ही अतिक्रमण हटाकर पाथवे को नए तरीके से डिजाइन किया जाएगा।

जल्द शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया

नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि- राज्य स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत इन पांच चौराहों के री-डिजाइन और सुंदरीकरण को तकनीकी स्वीकृति मिल चुकी है। उम्मीद है कि इसी महीने वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति भी मिल जाएगी, जिसके बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। परियोजना पूरी होने के बाद शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी और प्रमुख चौराहे अधिक आकर्षक और व्यवस्थित दिखाई देंगे।

Static Fallback middleAd2 Ad

अपने ज़िले और उसके गांवों की खबरें जानने के, लिए जुड़े हमसे अभी

×