-
Monday, 15th June, 2026
चरगांवा
रूरल न्यूज नेटवर्क। गोरखपुर में
मंगलवार सुबह कई पेट्रोल पंप ड्राई हो गए। इस वजह से शहरवासियों को काफी परेशानी
का सामना करना पड़ा। कुछ पेट्रोल पंप पर तेल मिल रहा था, वहां लंबी कतार
देखने को मिली। काफी लोग हाथ में गैलन लेकर भी तेल लेने पहुंचे।
पेट्रोल-डीजल की किल्लत की
वजह से शहर में सुबह से ही गाड़ियों की संख्या सड़क पर बेहद कम देखने को मिली। जो
लोग बाहर निकले, वे पेट्रोल पंप ढूंढते नजर आए। धर्मशाला पेट्रोल पंप पर सुबह से ही गाड़ियों की लंबी कतार
देखने को मिली। सुबह करीब 10 बजे पेट्रोल
पंप से 500 मीटर दूरी तक कार की लाइन
लगी हुई थी। वहीं 40 से 50 लोग हाथ में गैलन लेकर लाइन लगाए दिखे।
इसी तरह शहर के टाउनहाल
पेट्रोल पंप पर भी तेल लेने के लिए गाड़ियों की लंबी कतार देखने मिली। वहीं काली
मंदिर और रेल म्यूजियम के पास के पेट्रोल पंप पर तेल खत्म होने की वजह से लोग वहां
जाकर निराश हुए।
रेल म्यूजियम के पास स्थित
पेट्रोल पंप पर बाइक से आए राजेश ने बताया कि कई पेट्रोल पंप ट्राई करते हुए यहां
आया। यहां भी तेल नहीं मिला। अब आगे जाकर और भी पेट्रोल पंप देखूंगा। इसी तरह दीपक
ने बताया कि लाइन देखकर तेल भराने जाने का मन ही नहीं कर रहा है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण इलाके में पेट्रोल पंप ड्राई
होने की वजह से वहां के लाेग भी शहर की ओर आ रहे हैं। इस वजह से भी यहां दिक्कत हो
रही है।