दुर्गावती हास्पिटल पर हंगामा, महिला मरीज की मौत का मामला, डाक्टर की शिकायत पर तीमारदारों पर केस दर्ज
रूरल न्यूज नेटवर्क।बड़हलगंज स्थित दुर्गावती
अस्पताल में एक महिला मरीज की मौत के बाद हंगामा हो गया। अस्पताल संचालक ने मरीज
के तीमारदारों पर गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने डॉक्टर की
शिकायत पर एक नामजद समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।शिकायत के अनुसार, अभिषेक चौहान
नामक व्यक्ति एक महिला मरीज को अस्पताल लेकर आया था। आपातकालीन विभाग में जब मरीज
को लाया गया, तब उसकी हृदय गति रुकी हुई
थी। अस्पताल कर्मचारियों ने तत्काल सीपीआर प्रक्रिया शुरू की।
अस्पताल संचालक
डॉ. मनोज यादव ने पुलिस को बताया कि तीमारदारों को सूचित किया गया था कि यदि मरीज
की स्थिति में सुधार होता है, तो भी अस्पताल
में वेंटिलेटर मशीन खाली नहीं है और उसे कहीं और भेजना पड़ सकता है। दुर्भाग्यवश, मरीज को बचाया नहीं जा सका।
Image Source Here...
मरीज की मौत के बाद उसके
साथ आए तीमारदारों ने अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार
किया, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। डॉ. मनोज
यादव ने अपनी शिकायत में कहा कि यदि आपातकालीन चिकित्सा सेवा देने वाले अस्पतालों
के साथ इस प्रकार की अभद्रता और अनावश्यक विवाद किए जाएंगे, तो भविष्य में अस्पताल आपातकालीन मरीजों को लेने से
परहेज करेंगे, जिससे आम जनता के हित पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय
न्याय संहिता की धारा 352 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।