-
Wednesday, 1st April, 2026
गोला
रूरल न्यूज नेटवर्क। जमीनी
विवाद को लेकर एक महिला पर उसके देवर और साथियों ने हमला कर दिया। महिला को बचाने आए
उसके पति और बेटे को भी पीटा गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ
मामला दर्ज कर लिया है। यह घटना गोला थाना क्षेत्र के भूपगढ गांव की है।
पुलिस को दिए शिकायती
पत्र में भामा देवी पत्नी रामसिंगार गौड़ ने बताया कि उनका अपने देवर रमेश से जमीन
का विवाद चल रहा है, जिसका मुकदमा बांसगांव दीवानी न्यायालय में विचाराधीन है। कुछ
दिन पहले देवर रमेश ने पंचायत के माध्यम से विवाद सुलझाने की बात कही थी, जिस पर भामा
देवी ने ग्राम प्रधान के घर पंचायत करने पर सहमति जताई थी।
रमेश गौड़,
गुलाब राय, सीमा देवी राय और शिवकुमारी ने मिलकर भामा देवी पर लाठी-डंडों और लोहे की
रॉड से हमला कर दिया। महिला की चीख सुनकर उन्हें बचाने आए पति राम सिंगार और पुत्र
अभिषेक गौड़ को भी आरोपियों ने पीटा।
आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। जाते समय उन्होंने भामा देवी की किराने की दुकान का सारा सामान भी बाहर फेंक दिया। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 352, 351(3) और 324(4) के तहत केस दर्ज कर लिया है।