-
Monday, 15th June, 2026
गोला
रूरल न्यूज नेटवर्क। गोला ब्लॉक के नुआंव गांव में बच्चों ने भीषण गर्मी से राहत
पाने के लिए एक अनोखा तरीका अपनाया। उन्होंने खेत में इस्तेमाल होने वाली ट्राली
को ही अस्थायी स्वीमिंग पूल में बदल दिया। दिनभर गांव में इस अनोखे 'स्वीमिंग पूल' की चर्चा होती
रही, जहां बच्चे घंटों पानी में मस्ती करते दिखे।
इन दिनों क्षेत्र में गर्मी
अपने चरम पर है। दोपहर होते ही सड़कें सुनसान हो जाती हैं। चिलचिलाती धूप और गर्म
हवाओं के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। लगातार बिजली कटौती से
परेशानी और बढ़ गई है। पंखे, कूलर और एसी भी राहत देने
में विफल साबित हो रहे हैं। इसी स्थिति में बच्चों ने गर्मी से बचने का यह देसी
तरीका खोजा। बच्चों ने एक ट्रैक्टर
ट्राली में मोटी प्लास्टिक की पन्नी बिछाई और फिर उसमें पानी भर दिया। कुछ ही देर
में ट्राली एक छोटे स्वीमिंग पूल में बदल गई। इसके बाद गांव के दर्जनों बच्चे
उसमें उतर गए और घंटों तक पानी में खेलते-कूदते रहे। कोई पानी उछाल रहा था तो कोई
तैरने का प्रयास कर रहा था। यह तरीका गांव में आकर्षण का केंद्र बना रहा।
गांव के लोगों ने बताया कि
भीषण गर्मी के कारण बच्चों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। बिजली कटौती के
कारण रात में भी लोगों को चैन नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में बच्चों ने अपनी सूझबूझ
से गर्मी से राहत पाने का यह तरीका निकाला। ग्रामीणों के अनुसार, जहां शहरों में लोग स्वीमिंग पूल का सहारा लेते हैं, वहीं गांव के बच्चों ने ट्राली को ही पूल बनाकर खुशी पाई।
हालांकि, ग्रामीणों ने बच्चों को सावधानी बरतने की सलाह भी दी है। उनका कहना है कि पानी में खेलते समय किसी बड़े की निगरानी आवश्यक है, ताकि कोई दुर्घटना न हो। इसके बावजूद, बच्चों का यह देसी इंतजाम पूरे गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है।