-
Wednesday, 1st April, 2026
गोला
रूरल न्यूज नेटवर्क। गोरखपुर
के नवागत एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने देर शाम बड़हलगंज कोतवाली का औचक निरीक्षण किया। इस
दौरान उन्होंने मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रविवार देर शाम पहुंचे एसएसपी ने अपराध रजिस्टर, समाधान दिवस रजिस्टर, कंप्यूटर कक्ष और मालखाना सहित पूरे कोतवाली परिसर का गहनता से निरीक्षण किया। उन्होंने सभी संबंधित रिकॉर्ड्स की जांच की और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पुलिसकर्मियों को संबोधित
करते हुए डॉ. कौस्तुभ ने अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने
कहा कि पीड़ितों के साथ अच्छा व्यवहार किया जाए और उनके प्रार्थना पत्रों पर त्वरित
कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिसकर्मियों की लापरवाही किसी
भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कोतवाल सुनील कुमार राय
को निर्देश देते हुए एसएसपी ने बड़हलगंज से जुड़ने वाले सभी सीमावर्ती क्षेत्रों पर
बैरियर लगाकर वाहनों की निगरानी रखने को कहा। उन्होंने घूस के आरोप लगने वाले एक दरोगा
को फटकार लगाते हुए चेतावनी दी कि ऐसा कार्य अक्षम्य है।
एक सवाल के जवाब में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बड़हलगंज कोतवाली में पर्याप्त बल और कार्य करने की क्षमता है, जिससे अपराध पर अंकुश लगेगा। उन्होंने यह भी बताया कि कछार क्षेत्र के मधुपुर में नई पुलिस चौकी खोलने की प्रक्रिया जारी है।