-
Wednesday, 1st April, 2026
गोला
रूरल न्यूज नेटवर्क। गोला थाना क्षेत्र में सरयू नदी में डूबे 17 वर्षीय किशोर प्रिंस शुक्ला का शव 24 घंटे बाद बरामद कर लिया गया है। एसडीआरएफ की
टीम ने गोडियाना घाट के पास से शव को निकाला। प्रिंस मंगलवार को अपने दोस्तों के
साथ नहाने गया था, तभी तेज बहाव में बह गया था। मंगलवार को प्रिंस अपने दोस्तों के साथ
नऊवाबाबा की कूटी के पास सरयू नदी में स्नान कर रहा था। नदी में तेज बहाव के कारण
वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और तहसील
प्रशासन मौके पर पहुंच गया था।
सडीआरएफ के सब-इंस्पेक्टर निसार अहमद के
नेतृत्व में एक टीम ने मंगलवार शाम करीब सवा पांच बजे से रेस्क्यू अभियान शुरू
किया। लगातार तलाश अभियान चलाने के बाद दूसरे दिन टीम को सफलता मिली और शव को
डूबने के स्थान से लगभग आधा किलोमीटर दूर बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। दिल्ली
में रह रहे प्रिंस के पिता संतोष शुक्ला घर पहुंच गए हैं, जबकि हिमाचल प्रदेश में रह रहे दादा राधेश्याम
भी घर के लिए रवाना हो गए हैं। प्रिंस अपने दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था
और उसने हाल ही में हाईस्कूल की परीक्षा दी थी।
शव बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे अपने कब्जे में ले लिया। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से शव का पोस्टमार्टम न कराने का अनुरोध किया था। हालांकि, थाना प्रभारी राकेश रौशन सिंह ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया के तहत शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजना आवश्यक था, इसलिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।