-
Wednesday, 1st April, 2026
गोला
रूरल न्यूज नेटवर्क। बड़हलगंज क्षेत्र के
बैरियाडीह गांव में विशाल गुप्ता नामक युवक पर कुछ लोगों द्वारा फायरिंग करने का
आरोप लगा है। पीड़ित का कहना है कि जान से मारने की नीयत से कट्टे से फायर किया
गया, लेकिन निशाना चूक गया। इसके
बाद आरोपियों ने कट्टे की बट से विशाल के सिर पर वार कर उसे घायल कर दिया। विशाल
गुप्ता ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाल सुनील
कुमार राय ने बताया कि विशाल गुप्ता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और
फरार आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित विशाल
ने अपनी तहरीर में बताया है कि बुधवार शाम वह एक कार्यक्रम में अपना डीजे देखने गए
थे। वहां पहले से घात लगाए अभिषेक निषाद, दीवा निषाद, गारद निषाद और कुछ अन्य लोगों ने उन्हें गाली देना शुरू कर
दिया। विशाल के अनुसार, जान से मारने
की नीयत से कट्टे से फायर किया गया, लेकिन फायर मिस
हो गया। इसके बाद अभिषेक ने कट्टे की बट से उनके सिर पर वार किया, जिससे उनका सिर फट गया और वे बेहोश हो गए। उनके पिता उन्हें
किसी तरह बचाकर वहां से लाए।
विशाल ने यह भी
बताया कि एक दिन पहले अभिषेक ने लापरवाही से बाइक चलाते हुए उनके भाई की 5 वर्षीय बेटी काव्या को टक्कर मार दी थी, जिसका मुकदमा दर्ज कराया गया है। विशाल के अनुसार, आज सुबह रमेश निषाद ने उसी मुकदमे में सुलह करने के लिए
उन्हें गाली दी और धमकी देते हुए कहा कि अगर सुलह नहीं की तो उन्हें वहां से भगा
दिया जाएगा। रमेश निषाद ने कथित तौर पर यह भी कहा कि उन पर 20 मुकदमे दर्ज हैं और एक और दर्ज होने से उन्हें कोई फर्क
नहीं पड़ेगा।
सीओ गोला दरवेश कुमार ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि बड़हलगंज थाना क्षेत्र के बैरियाडीह गांव से मारपीट की सूचना मिली थी। घटनास्थल पर तत्काल पहुंचकर पीड़ित से प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सीओ ने स्पष्ट किया कि गोली चलने की बात असत्य और भ्रामक है।