-
Monday, 15th June, 2026
गोला
रूरल न्यूज नेटवर्क। गोला थाना
क्षेत्र के परसिया निस्फी राजा के नेवसा टोला में एक नए बने सीसी रोड पर बाइक ले
जाने से रोकने पर मिस्त्री समेत तीन लोगों की पिटाई कर दी गई। आरोप है कि मनबढ़
युवकों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला किया। पीड़ित की शिकायत पर गोला पुलिस
ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऊंचागांव निवासी मिस्त्री
विक्रम कुमार पुत्र स्व. रामसमुझ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह नेवसा टोला
में सरकारी सीसी रोड का निर्माण कार्य करा रहे थे। शाम के समय नेवसा निवासी सत्यम
यादव, पन्नेलाल, रोहित और अंकुर यादव बाइक
लेकर वहां पहुंचे और तत्काल ढाले गए सीसी रोड से बाइक निकालने लगे।
मिस्त्री विक्रम कुमार ने
उन्हें बताया कि सड़क अभी नई बनी है और बाइक चलाने से खराब हो जाएगी। इस पर आरोपी
आगबबूला हो गए और कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज करने
लगे। विरोध करने पर सभी आरोपियों ने मिस्त्री विक्रम कुमार को लात-घूंसों और
लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया।
शोर सुनकर साथ में काम कर
रहे मजदूर संदीप और हर्ष बचाने पहुंचे, तो आरोपियों ने उन्हें भी
नहीं बख्शा। मारपीट में विक्रम कुमार के साथ संदीप और हर्ष को भी चोटें आई हैं।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर
गोला पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 191(2), 115(2), 352, 351(3) तथा एससी/एसटी
एक्ट की धारा 3(1)(द),
3(1)(ध) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।