-
Monday, 15th June, 2026
गोला
रूरल न्यूज नेटवर्क। गोला थाना
परिसर के अंदर दो युवकों द्वारा रील बनाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से
वायरल हो रहा है। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो में दोनों
युवक थाने के भीतर से बाहर निकलते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के बैकग्राउंड में
एक गाना बज रहा है, जिसमें पुलिस
और मुकदमों का जिक्र है। इस रील के अंदाज और थाना परिसर के भीतर इसकी शूटिंग को
लेकर चर्चाएं हो रही हैं।
सोशल मीडिया पर वीडियो
सामने आने के बाद लोगों ने सवाल उठाए कि आखिर थाना परिसर जैसे संवेदनशील स्थान पर
इस तरह का वीडियो कैसे बनाया गया। कुछ लोग इसे युवाओं में बढ़ते रील बनाने के
क्रेज का उदाहरण बता रहे हैं, वहीं कई लोगों
ने इसे अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था से भी जोड़ा है।
हालांकि, वायरल वीडियो कब का है और इसमें दिख रहे युवक कौन हैं, इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। शुरुआत में पुलिस
विभाग की ओर से कोई स्पष्ट बयान नहीं आया था, लेकिन मामला
चर्चा में आने के बाद अधिकारियों ने इसका संज्ञान लिया है। क्षेत्राधिकारी गोला
दरवेश कुमार ने बताया कि वीडियो की सत्यता और परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही
है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन
पाया जाता है, तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि इन दिनों
युवाओं में सोशल मीडिया रील बनाने का चलन तेजी से बढ़ा है। कई बार लोग सार्वजनिक
स्थलों, सरकारी दफ्तरों और संवेदनशील जगहों पर भी वीडियो
बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर देते हैं। ऐसे मामलों को लेकर प्रशासन पहले भी
सावधानी बरतने की अपील कर चुका है।
गोला थाने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार साझा किया जा रहा है और लोग इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।