-
Wednesday, 1st April, 2026
जंगल कौड़िया
आप यहाँ हैं :Home / gorakhpur /jungle-kaudia / news
रूरल न्यूज नेटवर्क। मुख्यमंत्री
योगी आदित्यनाथ 15 फरवरी को गोरखपुर का दौरा करेंगे। इस दौरान वह जंगल कौड़िया ब्लॉक
मुख्यालय के नवनिर्मित भवन और मुख्य गेट का लोकार्पण करेंगे। साथ ही, पितेश्वरनाथ शिव
मंदिर भरोहियाँ में जलाभिषेक भी करेंगे। उनके दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।
कार्यक्रम की तैयारियों
का जायजा लेने के लिए बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा ने ब्लॉक मुख्यालय का विस्तृत
निरीक्षण किया। उनके साथ एसडीएम कैंपियरगंज सिद्धार्थ पाठक और सीओ अनुराग सिंह भी मौजूद
रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों
ने सुरक्षा व्यवस्था, कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई और नवनिर्मित भवन की गुणवत्ता का
जायजा लिया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य समय पर पूर्ण करने के कड़े
निर्देश दिए। उन्होंने सीओ से सुरक्षा मानकों और रूट डायवर्जन पर भी चर्चा की।
ब्लॉक मुख्यालय के निरीक्षण
के बाद जिलाधिकारी मीणा भरोहिया स्थित पितेश्वरनाथ शिवा मंदिर पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री
के मंदिर आगमन, जलाभिषेक और आवागमन को लेकर अधीनस्थों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम सिद्धार्थ
पाठक, सीओ अनुराग सिंह, पीपीगंज थानाध्यक्ष अरुण सिंह, मंदिर के संचालक और राजस्व टीम
भी उपस्थित रही।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री बनने से पहले और बाद में भी गोरक्षपीठ के प्रबंधन में संचालित इस प्राचीन
पितेश्वरनाथ शिवा मंदिर में जलाभिषेक के लिए आते रहे हैं। उनके आगमन को लेकर पूरे ब्लॉक
परिसर को सजाया जा रहा है।
इससे पहले, बुधवार को गोरखपुर के मंडलायुक्त अनिल ढींगरा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ भी अपने अधीनस्थों के साथ तैयारियों का दौरा कर चुके हैं।