-
Wednesday, 1st April, 2026
खजनी
रूरल न्यूज नेटवर्क। खजनी
थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम एक सड़क हादसे में बुलेट सवार एक युवक की मौत हो
गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो
गया। यह दुर्घटना गोरखपुर मार्ग पर छताईं पहलवान ढाबा के पास हुई। घायलों को
तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया था।
मृतक की पहचान रुद्रपुर निवासी 30 वर्षीय संजय शर्मा उर्फ साहब पुत्र कृष्ण कुमार शर्मा के
रूप में हुई है। हादसे में घायल हुए दूसरे युवक का नाम छताईं निवासी 32 वर्षीय शनि सिंह पुत्र बबलू सिंह है। दोनों युवक यूपी 53 सीएक्स 2886
नंबर की बुलेट बाइक पर सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 8 बजे के बाद बुलेट सवार दोनों युवक
सड़क पर जा रहे एक साइकिल सवार को ओवरटेक कर रहे थे। इसी दौरान बुलेट अनियंत्रित
होकर साइकिल से टकरा गई और सवार सड़क पर गिर गए। तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार
भारी वाहन (ट्रेलर) की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही खजनी थाने के सब इंस्पेक्टर शुभम सिंह मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस से गोरखपुर जिला अस्पताल भिजवाया। गंभीर रूप से घायल संजय शर्मा को जिला अस्पताल से बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। खजनी थाने के कोतवाल इंस्पेक्टर जयन्त कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि की है।