-
Monday, 15th June, 2026
खोराबार
रूरल न्यूज नेटवर्क। खोराबार थाना
क्षेत्र में बड़ा सड़क हादसा हो गया। बिहार से अयोध्या जा रही तेज रफ्तार कार
भैंसहा फोरलेन पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे
उड़ गए। दुर्घटना में चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
हादसा सोमवार सुबह करीब 4 बजे भैंसहा फोरलेन पर हुआ। बताया जा रहा है कि कार में पांच
लोग सवार थे और सभी बिहार से अयोध्या जा रहे थे। इसी दौरान चालक संतुलन खो बैठा और
कार सड़क से नीचे पलट गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि
कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और शीशे सड़क पर बिखर गए। हादसे
की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बाहर
निकाला।
हादसे में चालक ओम राय
पुत्र श्रीपत राय (40 वर्ष) निवासी
उतरावल थाना खलीलाबाद, संतकबीरनगर को
गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों
ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, वासुकी दास (40 वर्ष) और प्रवीण दास (22 वर्ष) पुत्रगण
लालू यादव निवासी ग्राम मुरली थाना विथान, जिला समस्तीपुर, बिहार की इलाज के दौरान मौत हो गई। घायलों में राम प्रकाश दास (65 वर्ष) पुत्र
भगवान दास और राजा दास (20 वर्ष) पुत्र
लालू यादव शामिल हैं। दोनों को हल्की चोटें आई हैं और उनका इलाज चल रहा है। सभी
लोग वर्तमान में अयोध्या के नया घाट स्थित राम वैदेही मंदिर में रह रहे थे। सूचना
मिलते ही खोराबार पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
प्रभारी निरीक्षक खोराबार सुधांशु सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।