-
Wednesday, 1st April, 2026
खोराबार
गोरखपुर। नियत समय पर अच्छे नीयत से किया गया प्रयास सदैव सार्थक साबित होता है। कुछ इसी आशा और विश्वास के साथ पिछले साल गोरखपुर में सिनेमा महोत्सव का आगाज हुआ। इस साल उस शुरुआत की दूसरी कड़ी 21 एव 22 जनवरी को पुनः आयोजित की जा रही है। सिने रंग फाउंडेशन और राजकीय बौद्ध संग्रहालय के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय बौद्ध संग्रहालय सभागार में आयोजित इस आयोजन की जानकारी कार्यक्रम संयोजक फिल्मकार धर्मेन्द्र भारती ने रविवार को एक प्रेस मीट में दी। गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब सभागार में यह जानकारी देते हुए श्री भारती ने बताया कि इस महोत्सव में उत्तर प्रदेश सहित अन्य प्रदेशों से दर्जनों फिल्में आईं हैं जिनका प्रदर्शन महोत्सव के दौरान होना है और उनमें से चयनित फिल्मों को अवार्ड भी दिया जाएगा। महोत्सव को नए इलाकाई फिल्म मेंकरो और कलाकारों के लिए वरदान मानते हुए श्री भारती ने बताया कि इस बार महोत्सव में बॉलीवुड के प्रख्यात निर्माता-निर्देशक तिग्मांशु धूलिया भी मौजूद रहेंगे। महोत्सव में दीर्घ और शॉर्ट फिल्मों पर एक विमर्श सत्र भी होगा। आयोजन के पहले दिन सुश्री आभा धूलिया, रतन सिन्हा, सुरेन्द्र चौधरी और डा विजाहत करीम सरीखे सिनेजगत से जुड़े चार गोरखपुरिया हस्तियों को सिने रंग सम्मान से सम्मानित भी किया जाएगा।
इस मौके पर आयोजन के तकनीकी सलाहकार राहुल मिश्रा,विशाल मिश्रा सहित रचना धूलिया,अभिषेक निषाद, कुलदीप पाण्डेय, अमित कुमार, बेचैन सिंह पटेल, मोहन आनंद आजाद, सूरज वर्मा, मुकेश विद्यार्थी, नागेन्द्र कुमार आदि लोग उपस्थित रहे।