-
Wednesday, 1st April, 2026
कौड़ीराम
रूरल न्यूज नेटवर्क। बेलीपार के बांसगांव-कुसमौल मार्ग पर एक तेज
रफ्तार ट्रेलर ने सब्जी लेकर गोरखपुर स्थित मंडी जा रहे पिकअप वाहन को टक्कर मार
दी। इस हादसे में पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि इस हादसे में गाड़ी चला रहे चालक को
चोट नहीं लगी। गनीमत रही कि कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।
मिली जानकारी के मुताबिक बेलीपार क्षेत्र के
भिटहा में एनएचएआई द्वारा निर्मित टोल प्लाजा से बचने के लिए भारी वाहन चालक अक्सर
रात के समय बांसगांव-कुसमौल मार्ग का उपयोग करते हैं। इन मार्गों पर तेज रफ्तार और
लापरवाही से चलने वाले वाहनों के कारण आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं, जिसको लेकर आए दिन स्थानीय ग्रामीणों में रोष
रहता है।
इसी बीच आज सुबह लगभग 5 बजे महावीर छपरा चौराहे से बांसगांव होते हुए
कौड़ीराम जा रहा एक ट्रेलर चालक फोरलेन से अचानक बिना इंडिकेटर दिए
बांसगांव-कुसमौल मार्ग पर मुड़ गया। उसी समय गाजीपुर के मोहम्मदाबाद से मटर लेकर
गोरखपुर सब्जी मंडी जा रहे पिकअप के चालक अनुज यादव ने सामने से आ रहे ट्रेलर को
देखकर अपनी गाड़ी साइड करने का प्रयास किया। इसी दौरान ट्रेलर का पिछला हिस्सा हाफ
डाला के अगले भाग में फंस गया और उसे घसीटते हुए डिवाइडर से टकरा गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक वाहन के भीतर फंस गया। स्थानीय लोगों की सहायता से उसे किसी तरह बाहर निकाला गया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक अपने वाहन सहित बांसगांव की दिशा में फरार हो गया।