-
Wednesday, 1st April, 2026
कौड़ीराम
रूरल न्यूज नेटवर्क। टॉयलेट की छत पर युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। गुरुवार
की सुबह 6
बजे गोरखपुर-वाराणसी हाईवे के पास स्थित एक आटा
चक्की के शौचालय की टीनशेड पर युवक की न्यूड बॉडी मिली। 25 मीटर की दूरी पर गूलर के पेड़ में एक जींस और
टी-शर्ट बरामद हुई है। घटना की जानकारी चक्की मालिक के बेटे ने पुलिस को दी। घटना
की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में दहशत है। मौके पर भारी भीड़ मौजूद।
सूचना मिलते ही एसपी (दक्षिणी) दिनेश पुरी और
डॉग स्क्वायड की टीम ने मौके पर पहुंची। जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है मृतक
अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए फरवरी में बैंकॉक से घर आया था। ऋषभ के
पिता भी करीब 10 दिन पहले वापस बैंकॉक जा चुके हैं। पुलिस ने शव
को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी है। गगहा थाना
क्षेत्र के अंतर्गत रावतपार इलाके का बताया जा रहा है।
गोरखपुर-वाराणसी हाईवे से महज 20 मीटर की दूरी पर राजेंद्र यादव की आटा चक्की
स्थित है। चक्की मालिक राजेंद्र यादव शौचालय गए तो उनकी नजर टीनशेड के ऊपर पड़ी।
जहां युवक का शव नग्न अवस्था में पड़ा था। उन्होंने तुरंत अपने बेटे रामप्रताप
यादव उर्फ साहब को इसकी जानकारी दी। रामप्रताप ने सुबह डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) दिनेश
पुरी, क्षेत्राधिकारी बांसगांव अनुज सिंह और प्रभारी
निरीक्षक अंजुल चतुर्वेदी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस को शव
के पास से एक कंडोम का पैकेट भी बरामद हुआ है। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण
करने और साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
1 महीने पहले हुई थी छोटी बहन की शादी
मृतक की पहचान ऋषभ यादव उर्फ बब्बी यादव के रूप
में हुई है। वह अपनी बहन की शादी में शामिल होने बैंकॉक से लौटा था। घटना की सूचना
के बाद पत्नी चांदनी (26) का रो-रोकर बुरा
हाल है। परिवार में बेटा शारविक यादव (06) व आशविक यादव (02) हैं। ऋषभ चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था।
उसकी बड़ी बहन की शादी पहले ही हो चुकी है, जबकि छोटी बहन की
शादी हाल ही में 19 फरवरी को थी। वहीं, बेटी की विदाई और शादी के कार्यक्रम संपन्न
होने के बाद, करीब दस दिन पहले ही उसके पिता उदय चंद यादव
वापस बैंकॉक चले गए थे।
25 मीटर की दूरी पर
कपड़े बरामद
युवक का शव टीनशेड के ऊपर कैसे पहुंचा पुलिस
इसकी गहनता से जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि वारदात को कहीं और अंजाम
दिया गया। पहचान छिपाने या साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को यहां लाकर फेंक
दिया गया। तलाशी के दौरान घटनास्थल से लगभग 25 मीटर दूर स्थित एक
गूलर के पेड़ के पास से एक जींस और टी-शर्ट बरामद हुई है। पुलिस ने अनुसार कपड़े
मृतक के हो सकते हैं।