-
Wednesday, 1st April, 2026
पिपराइच
रूरल न्यूज़ नेटवर्क। गोरखपुर के पिपराइच ब्लॉक में कार्यरत एक ग्राम
विकास अधिकारी का नंबर इंस्टाग्राम आईडी पर शेयर कर उत्पीड़न करने का मामला सामने आया
है। अधिकारी ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है, जिसके बाद पुलिस जांच
में जुट गई है।
गोरखनाथ थाना क्षेत्र
के रामनगर कॉलोनी निवासी सर्मित कुमार, जो पिपराइच विकास खंड में ग्राम विकास अधिकारी
के पद पर कार्यरत हैं, ने बताया कि उनका व्यक्तिगत नंबर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा कागज
पर लिखकर अपनी इंस्टाग्राम आईडी से साझा किया गया है।
इस घटना के बाद से उनकी
सामाजिक छवि धूमिल हो रही है और उन्हें मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है।
रात करीब 11 बजे से विभिन्न प्रदेशों के अनजान नंबरों से लगातार फोन कॉल आ रहे हैं।
फोन करने वाले अश्लील
भाषा का प्रयोग कर उन्हें परेशान कर रहे हैं। लगातार फोन आने के कारण उनके कार्यक्षेत्र
की जनता के फोन नहीं लग पा रहे हैं, जिससे जनता भी परेशान है। अधिकारी ने अपनी अत्यधिक
विचलित स्थिति व्यक्त की है।
इस संबंध में संबंधित एसआई सचिन कुमार पाण्डेय ने जानकारी दी कि इंस्टाग्राम आईडी को ब्लॉक कराकर मामले की जांच की जा रही है।