मिठाई दुकानदार से 17हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी, पेमेंट का झांसा देकर वारदात, पुलिस जांच में जुटी
रूरल न्यूज नेटवर्क।घघसरा क्षेत्र
में एक मिठाई दुकानदार से ऑनलाइन पेमेंट के नाम पर 17,000 रुपये की ठगी
की गई है। यह घटना सहजनवा थानांतर्गत घघसरा चौकी क्षेत्र में सामने आई है।
Image Source Here...
मिली जानकारी के अनुसार, घघसरा चौकी के पास स्थित गुड्डू कशौधन की मिठाई की दुकान पर
तीन युवक आए। उन्होंने मिठाई खरीदी और ऑनलाइन भुगतान करने की बात कही।
ठगों ने दुकानदार से 17,000 रुपये नकद मांगे और आश्वासन दिया कि वे मिठाई और नकद दोनों
का भुगतान ऑनलाइन कर देंगे। कुछ देर बाद, वे बगल की
दुकान पर कुछ और सामान लेने का बहाना बनाकर वहां से फरार हो गए।
काफी समय तक जब उनका कोई
पता नहीं चला, तो दुकानदार ने घघसरा पुलिस चौकी पर लिखित
शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर
दी।
चौकी प्रभारी दुर्गेश
सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से
आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।