gorakhpur, cm yogi, tanker
गोरखपुर / सहजनवा
13-Mar-2026 02:40 PM
हार्न बजाने पर टैंकर पर किया पथराव, शीशा टूटा, सड़क पर लगा रहा जाम
रूरल न्यूज नेटवर्क।सहजनवा कस्बे में गुरुवार
रात एक मामूली विवाद के बाद हंगामा हो गया। कस्बे के मुख्य बाजार में एक साइकिल
सवार ने हॉर्न बजाने से नाराज होकर पेट्रोल से भरे टैंकर पर पथराव कर दिया।
पथराव के कारण
टैंकर का अगला शीशा पूरी तरह टूट गया। इस घटना के बाद टैंकर चालक डरकर वाहन को
सड़क पर ही छोड़कर मौके से फरार हो गया।व्यस्त सड़क के
बीचों-बीच टैंकर खड़ा होने से करीब एक घंटे तक भीषण जाम लगा रहा।
मिली जानकारी
के अनुसार, देवरिया जिले के बैतालपुर
डिपो से पेट्रोल भरकर एक टैंकर सहजनवा थाना क्षेत्र के भगौरा स्थित एक पेट्रोल पंप
पर जा रहा था। रात के समय जब टैंकर सहजनवा कस्बे के मुख्य बाजार में पहुँचा, तो आगे चल रहे एक साइकिल सवार को रास्ता देने के लिए चालक
ने हॉर्न बजा दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हॉर्न की आवाज
सुनकर साइकिल सवार अचानक आपा खो बैठा और उसने बीच सड़क पर ही हंगामा शुरू कर दिया।
देखते ही देखते युवक ने सड़क किनारे पड़ा ईंट का टुकड़ा उठाया और टैंकर के अगले
हिस्से पर दे मारा। पत्थर लगने से टैंकर का विंडशील्ड (अगला शीशा) पूरी तरह टूट
गया।
चालक के भागने से लगा जाम
पेट्रोल जैसे संवेदनशील
पदार्थ से भरे टैंकर पर अचानक हुए हमले से चालक बुरी तरह डर गया। उसे किसी बड़ी
अनहोनी की आशंका हुई और वह टैंकर को सड़क के बीच में ही छोड़कर जान बचाकर भाग
निकला। मुख्य मार्ग पर टैंकर के खड़े हो जाने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें
लग गईं और कस्बे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।सूचना मिलते ही सहजनवा पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची।
Image Source Here...
पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और पंप संचालक से संपर्क साधा। पंप संचालक के
माध्यम से टैंकर चालक को काफी खोजबीन के बाद वापस बुलाया गया और उसे सुरक्षा का
भरोसा दिया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद चालक ने टैंकर को सड़क से हटाकर
पंप की ओर रवाना किया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।मामले में सहजनवा थाना प्रभारी महेश चौबे ने बताया कि
घटना की जानकारी मिली है, लेकिन टैंकर चालक या मालिक की ओर से अब तक कोई लिखित
तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।